Wednesday, April 1, 2026
Homeउत्तर प्रदेशनगरीय निकाय के चुनावी रण में उतरेंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

नगरीय निकाय के चुनावी रण में उतरेंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

-पश्चिम उत्तर प्रदेश के सहारनपुर, शामली और अमरोहा में 24 को करेंगे सभाएं

लखनऊ (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नगरीय निकाय के चुनावी रण में कूदेंगे। मुख्यमंत्री योगी निकाय चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत पश्चिम उत्तर प्रदेश में करेंगे। 24 अप्रैल को सहारनपुर, शामली और अमरोहा में उनकी चुनावी सभाएं होंगी।

उत्तर प्रदेश के नगरीय निकाय चुनाव को लोक सभा चुनाव के सेमी फाइनल के तौर पर देखा जा रहा है। प्रदेश और केन्द्र की सत्ता में काबिज भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) इस चुनाव में मजबूती से उतर गयी है। पार्टी ने बूथ स्तर तक की तैयारी कर ली है। प्रदेश से लेकर बूथ स्तर के नेताओं और कार्यकर्ताओं को सक्रीय कर दिया गया है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चुनाव प्रचार करने जा रहे हैं। इस निकाय चुनाव में मुख्यमंत्री योगी की 24 अप्रैल को चुनावी कार्यक्रम लगा है। पार्टी से मिली जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री योगी की 24 अप्रैल को पश्चिम उत्तर प्रदेश के सहारनपुर, शामली और अमरोहा जिले में चुनावी सभाएं लगी हैं।

उत्तर प्रदेश में दो चरणों में निकाय चुनाव होंगे। पहले चरण का मतदान चार मई को होगा। दूसरे चरण का मतदान 11 मई को होगा। पिछले निकाय चुनाव में भाजपा 16 नगर निगमों से 14 में अपना महापौर बनाने में सफल रही है। दो सीटों पर बसपा को जीत हासिल हुई थी। इस बार प्रदेश में 17 नगर निगम हैं। भाजपा ने सभी सीटों पर जीत का लक्ष्य रखा है। वहीं 199 नगर पालिका परिषदों और 544 नगर पंचायतों में चुनाव हो रहे हैं। भाजपा को नगर निगमों की अपेक्षा नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों में विपक्ष से कड़ी चुनौती मिल रही है। ऐसी तमाम चुनौतियों को देखते हुए भाजपा ने अपनी तैयारी की है। पार्टी के फायरब्रांड नेता व मुख्यमंत्री योगी के चुनावी कार्यक्रम इसी रणनीति का हिस्सा है।

दिलीप शुक्ल

RELATED ARTICLES

Most Popular