Tuesday, March 31, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडानए स्थल पर नहीं होगा होलिका दहन, बाइकर्स गैंग की होगी सख्त...

नए स्थल पर नहीं होगा होलिका दहन, बाइकर्स गैंग की होगी सख्त निगरानी

थाना वार शांति समितियों की बैठक कर अधिकारियों ने लोगों से किया अपील

जानकी शरण द्विवेदी

गोण्डा। विधानसभा चुनाव सकुशल सम्पन्न होने के बाद आगामी दिनों में होने वाले होली तथा शबेरात पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए अधिकारी शांति समितियों की बैठक करने में जुट गए हैं। शनिवार को नगर मजिस्ट्रेट ने कोतवाली नगर, एसडीएम सदर ने कोतवाली देहात व खोरहंसा तथा तहसीलदार सदर ने इटियाथोक थाने में शांति समिति की बैठक करके उभय समुदाय के लोगों से शांतिपूर्ण वातावरण में त्यौहार मनाने की अपील की।
नगर कोतवाली में शांति समिति की बैठक को सम्बोधित करते हुए नगर मजिस्ट्रेट अर्पित गुप्ता ने कहा कि आप सभी के सहयोग से विधानसभा के चुनाव सकुशल सम्पन्न हो गए हैं। अब आगामी दिनों में होने वाले त्यौहारों को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने की हम सबकी जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अपील किया कि होली के अवसर पर नशा पान से दूर रहें। नशे की हालत में अक्सर हम अपनों के प्रति ही आपत्ति जनक टिप्पणी कर बैठते हैं। इसके लिए बाद में हमें न केवल शर्मिन्दा होना पड़ता है, अपितु माफी भी मांगनी पड़ती है। तो इसलिए हम त्यौहारों का पूर्ण आनंद लें और उत्पात करने से बचें। उन्होंने नगर पुलिस को निर्देश दिया कि दो तीन लोगों को बाइक पर बिठाकर नगर की सड़कों पर हुडदंग करने वाले बाइकर्स गैंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें। बैठक में शांति समिति के सदस्यों, नगर के सम्भ्रांत नागरिकों के अलावा प्रभारी निरीक्षक पंकज कुमार सिंह, वरिष्ठ उप निरीक्षक राजेश कुमार मिश्र आदि उपस्थित रहे।

नए स्थल पर नहीं होगा होलिका दहन, बाइकर्स गैंग की होगी सख्त निगरानी

रंग में भंग डालने वालों से सख्ती से निपटेगी पुलिस-सीओ

इसी प्रकार थाना कोतवाली देहात में आयोजित शांति समितियों की बैठकों में उपजिलाधिकारी सदर विनोद कुमार सिंह व क्षेत्राधिकारी सदर लक्ष्मी कांत गौतम ने लोगों से शांतिपूर्ण त्यौहार मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि होली उल्लास का पर्व है। हम ऐसा कोई कार्य न करें, जिससे रंग में भंग पैदा हो। अधिकारी द्वय ने कहा कि क्षेत्र में किसी उपद्रवी के बारे में सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दें। आपात स्थिति में 112 नम्बर पर भी डायल कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि गांवों में पिछले साल जहां होलिका दहन हुआ था, इस बार भी उन्हीं स्थानों पर होगा। इसमें किसी प्रकार का परिवर्तन नहीं किया जा सकेगा। सीओ ने कहा कि प्रशासन त्यौहारों को शांतिपूर्ण ढंग से निपटाने के लिए कटिबद्ध है। इसमें गड़बड़ी पैदा करने की कोशिश करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। खोरहंसा पुलिस चौकी में आयोजित शांति समिति की बैठक में भी अधिकारियों ने होली के त्योहार के मद्देनजर हिंदू और मुस्लिम भाइयों को त्योहार को कुशल पूर्वक मनाने के लिए प्रेरित किया और सौहार्द्र बनाए रखने के लिए सभी धर्म के लोगों से चर्चाएं की।

नए स्थल पर नहीं होगा होलिका दहन, बाइकर्स गैंग की होगी सख्त निगरानी

इटियाथोक में आयोजित पीस कमेटी की बैठक में पहुंचे तहसीलदार

इटियाथोक से हमारे संवाददाता प्रदीप पांडेय के अनुसार, आगामी होली के त्योहार को शांति और सौहार्द से मनाने को लेकर इटियाथोक थाना में पीस कमेटी की बैठक आयोजित हुई। बैठक में मौजूद तहसीलदार राजीव मोहन सक्सेना ने सभी धर्म और समुदाय के लोगों से आपस में शांति और सौहार्द से होली मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि होली प्रेम का त्योहार है और दूसरे धर्म के लोगो को ध्यान में रखकर इसे शांतिपूर्वक मनाए। कहा कि कोई ऐसा अनुचित काम होली में न करें जिससे अन्य कोई प्रभावित हो। थाना प्रभारी अरुण कुमार द्विवेदी ने कहा कि बीते कई त्योहार आप सभी के सहयोग से सकुशल सम्पन्न हुए और उम्मीद है कि होली त्योहार भी शांतिपूर्वक सम्पन्न होगी। उन्होंने कहा कि पिछले साल जहां होलिका दहन हुआ था, इस बार भी उसी स्थान पर होगा, कोई बदलाव नहीं होगा। उन्होंने नशामुक्त होली मनाने की सभी से अपील की। उन्होंने कहा कि होली खेलते समय किसी प्रकार का बवाल न करें, और अगर कही से कोई ऐसी घटना होने की स्थित आये तो फौरन पुलिस को सूचना दे। उन्होंने कहा कि अगर क्षेत्र में किसी भी व्यक्ति द्वारा अराजकता फैलाई गई या शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश की तो उसके ऊपर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कस्बे और गांवों में हुड़दंग न करने की मौजूद लोगों से अपील की और इस बाबत सभी से सहयोग मांगा।
इस मौके पर रहे इटियाथोक बीजेपी मंडल अध्यक्ष सत्यब्रत ओझा ने कहा कि थाना की पुलिस के सहयोग से क्षेत्र में सभी त्योहार अबतक शांति से सम्पन्न हुए, आशा है कि होली भी ठीक से होगी। ज्ञानापुर प्रधान पंकज सिंह, मध्यनगर प्रधान सभाजीत सिंह सहित सहजराम तिवारी, संतोष चौरसिया, अजीम वारसी, हरिशंकर सोनी, पंडित जगन्नाथ रसिया आदि लोगो ने भी अपने अपने विचार व्यक्त किये। कार्यक्रम का संचालन भाजपा नेता महेंद्र जैन ने किया और शांतिपूर्ण होली मनाने की अपील की। श्री जैन ने कहा कि होली का पर्व आपसी भाईचारे का संदेश देता है, इससे क्षेत्र के लोगों को सीख लेनी चहिए। कहा कि रंग गुलाल उड़ाते समय बवाल न करें ताकि होली का पर्व सुखमय तरीके से संपन्न हो। कहा कि इस बार होली जुमा के दिन है अतः नमाज से पूर्व होली खत्म करने का प्रयास करे। इस अवसर पर राजेश दुबे, अश्विनी मिश्रा, गुड्डू तिवारी, अब्दुल मजीद, पल्लू चौधरी, रोजअली, वसीम अहमद, संजय सोनी, सुमेश्वर नाथ पाड़े, बड़कऊ सिंह, सुशील दुबे, राजीव तिवारी, आनंद दुबे, गुप्ता सिंह, कमलेश पासवान आदि अनेक लोग मौजूद रहे। इसी प्रकार जनपद के अन्य थानों से भी शांति समितियों की बैठकें आयोजित किए जाने के समाचार हैं।

कलमकारों से ..

तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com पर प्रकाशन के इच्छुक कविता, कहानियां, महिला जगत, युवा कोना, सम सामयिक विषयों, राजनीति, धर्म-कर्म, साहित्य एवं संस्कृति, मनोरंजन, स्वास्थ्य, विज्ञान एवं तकनीक इत्यादि विषयों पर लेखन करने वाले महानुभाव अपनी मौलिक रचनाएं एक पासपोर्ट आकार के छाया चित्र के साथ मंगल फाण्ट में टाइप करके हमें प्रकाशनार्थ प्रेषित कर सकते हैं। हम उन्हें स्थान देने का पूरा प्रयास करेंगे :
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
E-Mail : jsdwivedi68@gmail.com

हमारी अन्य खबरों को पढ़ने के लिए www.hindustandailynews.com पर क्लिक करें।

आवश्यकता है संवाददाताओं की

तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोण्डा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
मोबाइल – 9452137310

RELATED ARTICLES

Most Popular