Monday, April 13, 2026
Homeउत्तर प्रदेशनए साल पर हुड़दंगियों से सख्ती से निपटेगी पुलिस

नए साल पर हुड़दंगियों से सख्ती से निपटेगी पुलिस

मेरठ (हि.स.)। नए साल में जश्न के नाम पर हुड़दंग मचाने वालों से पुलिस सख्ती से निपटेगी। पुलिस ने शहर को 15 जोन, 30 सेक्टर और 42 सब सेक्टरों में बांटकर पुलिस फोर्स तैनात कर दी है। अति संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस फोर्स तैनात की गई है।

मेरठ पुलिस ने 31 दिसम्बर की रात को नए साल के जश्न पर हुड़दंग रोकने के लिए पुख्ता इंतजाम किए हैं। मेरठ शहर को 15 जोन, 30 सेक्टर और 42 सेक्टरों में बांटकर पुलिस फोर्स तैनात की गई है। हुड़दंग मचाने वालों पर पुलिस की लाठी बरसेगी। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस फोर्स तैनात किया जाएगा। मेरठ शहर और बाहरी क्षेत्रों में स्थित होटल, रेस्टोरेंट, बैंक्वेट हॉल्स आदि स्थलों के आसपास अधिक पुलिस फोर्स तैनात रहेगी। शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी अधिकारी तैनात रहेंगे।

एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने बताया कि मेरठ शहर में 45 प्वाइंटों पर बैरियर लगाकर चेकिंग की जाएगी। थाना पुलिस से लेकर ट्रैफिक पुलिस के कर्मचारी मौजूद रहेंगे। शनिवार शाम से लेकर रात्रि एक बजे तक विशेष ड्यूटी लगाई गई है। बाइकों पर स्टंट करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। हापुड़ अड्डा, भूमिया का पुतला, घंटाघर, बेगमपुल, दिल्ली रोड जैसे 15 स्थानों को चिन्हित किया गया है, जहां पर पहले भी बाइक पर स्टंट होते रहे हैं। होटल, बस अड्डों और रेलवे स्टेशनों पर लगातार चेकिंग की जा रही है।

सुरक्षा व्यवस्था में 32 थानाध्यक्ष, 100 सब इंस्पेक्टर्स, 500 हेड कांस्टेबल, 1000 सिपाही, 300 महिला सिपाही, एक कंपनी पीएसी, एक कंपनी आरएएफ, एक कंपनी क्यूआरटी, घुड़सवार पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।

कुलदीप

RELATED ARTICLES

Most Popular