गाजियाबाद(हि.स.)। नए साल पर नगर निगम शहर के प्रमुख व आंतरिक मार्गों को जगमग कर देगा। इसको लेकर नगर निगम ने शहर को जगमग करने का कार्य शुरू कर दिया है।जिसमें सभी जोनों में मुख्य मार्ग से प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त की जा रही है। 190 वाट की लाइट लगाकर मुख्य मार्गों को प्रकाशित करते हुए अंधेरा मुक्त किया जा रहा है ।
नगर आयुक्त डॉ नितिन गौड़ के निरीक्षण के बाद प्रकाश विभाग योजनाबद्ध तरीके से मुख्य मार्गों पर लाइट लगाने, लाइट बदलने का कार्य कर रहा है, जिसमें मोहन नगर जोन के अंतर्गत ईएसआई अस्पताल शिव चौक पर, जिंदल रोड, कवि नगर जोन के अंतर्गत राजनगर एलटी चौराहा, सेक्टर 6 राज नगर चौराहा, वसुंधरा जोन के अंतर्गत सौर ऊर्जा मार्ग साहिबाबाद, सिटी जोन के अंतर्गत अंबेडकर रोड, विजय नगर जोन अंतर्गत गंगाजल रोड विजय नगर बायपास लाइटों को दुरुस्त करने का कार्य किया गया। इस प्रकार वार्ड संख्या 8,12, 40,84 व 73 के मुख्य मार्गों की लाइटों को बदला गयाl
प्रकाश प्रभारी योगेंद्र यादव ने बताया कि महापौर आशा शर्मा तथा नगर आयुक्त के निर्देश के क्रम में माननीय पार्षदों से समन्वय स्थापित करते हुए प्रकाश व्यवस्था को बेहतर करने की कार्यवाही लगातार जारी है जिसमें 190 वाट की लाइट मुख्य चौराहों पर तथा इसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए आंतरिक भागों में भी लाइट व्यवस्था को बेहतर करने की कार्यवाही की जाएगी।
फरमान अली
