Thursday, February 12, 2026
Homeराज्यनई दिल्ली : पहलवान सुशील कुमार की अग्रिम जमानत अर्जी खारिज

नई दिल्ली : पहलवान सुशील कुमार की अग्रिम जमानत अर्जी खारिज


नई दिल्ली । ओलंपियन पहलवान सुशील कुमार को करारा झटका लगा है। दिल्ली की रोहिणी कोर्ट ने मंगलवार को पहलवान सागर धनखड़ हत्याकांड मामले में फरार चल रहे सुशील कुमार की अग्रिम जमानत अर्जी को खारिज कर दिया है। इस जूनियर पहलवान की हत्या के मामले में सुशील पिछले कुछ दिनों से फरार हैं और उन पर दिल्ली पुलिस ने एक लाख रुपए का इनाम भी घोषित कर रखा है। पुलिस ने सुशील के खिलाफ लुकआउट नोटिस भी जारी किया था।
ओलंपिक पदक विजेता सुशील ने इससे पहले अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी। वहीं कोर्ट में दिल्ली पुलिस ने सुशील कुमार की याचिका का विरोध किया था। यह पूरा मामला 5 मई का है। पुलिस ने अदालत में फायरिंग की जानकारी देते हुए कहा था कि दो लड़कों में से किसने गोली चलाई, इसकी जानकारी नहीं है क्योंकि इस मामले में कोई गवाह नहीं मिला है।
सुशील की गिरफ्तारी को लेकर जब अदालत ने सवाल उठाया और दिल्ली पुलिस से पूछा कि गिरफ्तारी क्यों जरूरी है, इस पर दिल्ली पुलिस की ओर से बताया गया था कि सुशील की पत्नी के पास एक फ्लैट है। इसी में मामले का एक आरोपी सोनू रहता था। ऐसे में वहां से इलेक्ट्रॉनिक सबूत मिल सकते हैं, जिसके कारण सुशील की गिरफ्तारी जरूरी है। वहीं अदालत में सुशील के वकील ने कहा कि उसका इस मामले में कोई हाथ नहीं है और उसे जबरन फंसाया जा रहा है।
सुनवाई के दौरान पहलवान सुशील के वकील ने कहा कि इंजरी गन से नहीं हुई और फायरिंग हवा में की गई थी। उन्‍होंने कहा क‍ि मकसद हत्या का नहीं था और इसलिए सुशील पर हत्या का मुकदमा नहीं चलना चाहिये। इस पर अदालत ने कहा क‍ि अगर मामला इतना गम्भीर नहीं है तो सुशील कुमार भाग क्यों रहे है? पुलिस जांच में सहयोग करे। सुशील के वकील ने कहा कि कार से जो हथियार बरामद हुए हैं वह सुशील की नहीं हैं। सुशील की वजह से किसी को कोई चोट नहीं लगी है। सुशील की ओर से पेश हुए एक दूसरे वकील बी एस जाखड़ ने कहा क‍ि पुलिस ने इस मामले मे हेरफेर किया, जो घायल है सबसे महत्वपूर्ण गवाह हैं, उसने सुशील के खिलाफ कोई बयान नहीं दिया है। यह सिर्फ पब्लिसिटी स्टंट है। वहीं द‍िल्‍ली पुल‍िस ने जमानत अर्जी का विरोध करते हुए कहा क‍ि घायल अभी बयान देने की स्थिति में नहीं थे इसलिए उनका बयान नहीं लिया।पुलिस ने कहा कि मौके से एक स्कॉर्पियो कार मिली लेकिन कोई गवाह नहीं मिला। द‍िल्‍ली पुल‍िस ने कहा क‍ि सबसे अहम ये है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह बात सामने आई है क‍ि सभी इंजरी मौत के पहले की है।

RELATED ARTICLES

Most Popular