– मांग नहीं पूरी होने पर मुख्यमंत्री योगी को लिखेंगे एक लाख पत्र
लखनऊ (हि.स.)। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) ने प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार से गन्ना मूल्य में वृद्धि कर नयी दर घोषित करने की मांग की है। रालोद के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष ने भाजपा सरकार में किसानों के साथ शोषण का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि किसानों की समस्याएं नहीं सुलझीं तो उनकी पार्टी आंदोलन करेगी। एक लाख पत्र लिखकर मुख्यमंत्री को भेजा जाएगा।
रालोद के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष मंजीत सिंह ने सोमवार को कहा कि वर्तमान समय में गन्ना का पेराई सत्र चालू है। उत्तर प्रदेश के 75 जनपदों में से 44 जनपद गन्ना बाहुल्य क्षेत्र हैं जहां का किसान मूल रूप से गन्ने पर ही निर्भर है। 119 चीनी मिल इस समय पेराई का कार्य कर रही है। गत वर्ष विधानसभा चुनाव होने के कारण योगी सरकार-01 ने 26 सितंबर को गन्ना मूल्य घोषित कर दिया था। इस वर्ष किसी भी प्रकार का चुनावी लाभ न मिलने के कारण भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार गन्ना किसानों का लगातार शोषण कर रही है। आज तक गन्ने की नयी दर घोषित नहीं हुई है। ऐसी परिस्थिति में किसान अपने को ठगा सा महसूस कर रहा है। सिंह ने कहा कि किसानों ने निर्णय लिया है कि उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को एक लाख पत्र भेजकर बढ़ी हुई दर के साथ गन्ना मूल्य घोषित करने की मांग की जायेगी। उस पर भी सरकार ने मूल्य घोषित न किया तो राष्ट्रीय लोकदल लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने को विवश होगा।
मोहित वर्मा
