Saturday, March 14, 2026
Homeउत्तर प्रदेशधूमधाम से मनाया गया रक्षा बंधन, कारागार में बहनों ने भाइयों को...

धूमधाम से मनाया गया रक्षा बंधन, कारागार में बहनों ने भाइयों को बांधी राखी

मेरठ(हि.स.)। गुरुवार को रक्षा बंधन का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान सड़कों पर वाहनों के कारण जाम लगा रहा। मेरठ में जिला कारागार में बहनों ने अपने बंदी भाईयों को राखी बांधी।

रक्षा बंधन पर गुरुवार को बहनों ने अपने भाईयों को रक्षा सूत्र बांधकर उनसे अपनी रक्षा का वचन लिया। इस दौरान बहनों ने भाईयों को मिठाई खिलाई तो कुछ भाईयों ने अपनी बहनों को श्री विष्णु और लक्ष्मी जी की तस्वीरें भेंट की। बाजारों में गुरुवार को भी बहनों ने अपने भाईयों के लिए राखियां खरीदी। मिठाई की दुकानों पर भी महिलाओं की भीड़ रही।

बुधवार की शाम से लेकर गुरुवार की शाम तक सड़कों पर वाहनों की भारी भीड़ रही। चौराहों से वाहनों को निकालने में यातायात पुलिस को खासी मशक्कत करनी पड़ी। बस अड्डों पर महिलाओं ने रोडवेज बसों में निःशुल्क सफर किया। इसके साथ ही अपने वाहनों से जाने वाले लोगों की संख्या भी बहुत रही।

मेरठ के जिला कारागार में बंद भाईयों को राखी बांधने के लिए बहनों की लाइन लगी रही। बहनों ने अपने बंदी भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा। भाइयों ने बहनों की सुरक्षा का आश्वासन दिया और उपहार भेंट किए। उपहार पाकर बहनों के चेहरों पर खुशी की लहर दौड़ गई। महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस के पुख्ता इंतजाम रहे। महिलाओं के लिए जेल प्रशासन ने टेंट लगवाया और चाय-नाश्ते की व्यवस्थाएं की। जिला कारागार में बंद महिलाओं से कारागार अधिकारियों ने राखी बंधवाई और आशीर्वाद दिया। जेल अधीक्षक शशिकांत मिश्रा ने बताया कि रक्षाबंधन पर्व को लेकर जेल प्रशासन की ओर से विशेष प्रबंध किए गए हैं।

कुलदीप/पदुम नारायण

RELATED ARTICLES

Most Popular