कानपुर देहात (हि.स.)। जनपद के रसूलाबाद थानाक्षेत्र में मंगलवार देर रात 10 बीघे की धान की फसल में आग लग गई। किसान ने पास के गांव के चार लोगों का नाम लेकर तहरीर दी है। पुलिस ने जांच के बाद मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही शुरू करने की बात कही है।
रसूलाबाद थानाक्षेत्र के उसरी गांव में रहने वाले सुरेश सिंह गोविन्द तिवारी के 10 बीघा खेतों को एक साल के लिए बलकट के लिए ले रखा है। इस वक़्त उन खेतों से धान की फसल को काटकर उसे घर के पास एकत्रित कर लिया था। मंगलवार देर रात उस फसल में किसी ने आग लगा दी। जिसके बाद पूरी फसल जलकर खाक हो गई। आग की सूचना पर दमकल और पुलिस मौके पर पहुंच गया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
किसान सुरेश सिंह ने उसरी गांव के ही चार लोगों पर साजिश के तहत आग लगाने की बात कही। इसको लेकर सुरेश ने चार लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। पुलिस ने जांच के बाद कार्यवाही की बात कही है।
