कुशीनगर(हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और निषाद पार्टी गठबंधन प्रत्याशी विवेकानंद पांडेय के पक्ष में एक जनसभा को संबोधित करते हुए सिने अभिनेता और गोरखपुर सांसद रविकिशन ने मंगलवार को कहा कि योगी सरकार ने खड्डा विधानसभा क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं को हल करने की दिशा में ठोस कदम बढ़ाया है। सरकार बनने के बाद यहां की अन्य समस्याएं भी दूर करने की दिशा में काम होगा।
कहा कि छितौनी की बंद पड़ी चीनी मिल को शुरू कराना और पनियहवा-छितौनी-तमकुही रोड रेल लाइन का निर्माण अभी यहां की प्रमुख समस्याओं में से एक है। इसके लिए चुनाव में कुछ बाध्यता होने के कारण मार्च के महीने में काम नहीं शुरू हो सका है। वर्ष 2024 लोकसभा चुनाव से पहले इन कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है। यह मेरा आप सबसे व्यक्तिगत वादा है।
कहा कि खड्डा विधानसभा के सर्वांगीण विकास के लिए जनता पार्टी गठबंधन के प्रत्याशी विवेकानंद पांडेय का विधानसभा पहुंचना जरूरी है। इसलिए इनके पक्ष में भोजन भरी थाली के निशान पर मुहर लगाएं।
प्रदेश तथा केंद्र सरकार द्वारा दी जाने वाली योजनाओं को भी विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक परिवावादी पार्टी नहीं है। यह गरीबों के विषय में विचार कर आगे बढ़ने वाला दल है। योगी तथा मोदी जी की अगुवाई में नई सोच वाली पार्टी है। विकास और गरीबों की चिंता करने वाली पार्टी है।
कहा कि यह विधानसभा चुनाव एक धर्म युद्ध के रूप में बदल गया है। जिसमें एक तरफ एक सन्यासी है दूसरी तरफ जाति बिरादरी फैलाने वाले लोग खड़े हैं।
योगी आदित्यनाथ के विषय में शायराना अंदाज में कहा कि ”जली को आग कहते हैं बुझी को राख जो मई-जून में जले उसे योगीनाथ कहते हैं।”
कहा कि पांचवें चरण के चुनाव तक भारतीय जनता पार्टी ने लीड हासिल कर ली है। अब छठे तथा सातवें चरण के चुनाव में 300 से अधिक विधायक चुनकर जनता पूर्ण बहुमत की भाजपा की अगुवाई वाली सरकार बनाने जा रही है। इसमें किसी तरह की चूक आपसे भी नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी कहती है कि यूपी में ”का बा,। मेरा कहना है कि ”जवन कब्बो ना रहल, अबकी बार हमार बा।”
उन्होंने कहा कि सभी विपक्षी तथा विरोधी विदेश जाने की तैयारी कर लिए हैं। इस चुनावी सभा को क्षेत्रीय सांसद विजय कुमार दुबे पूर्व प्रत्याशी डॉ नीलेश मिश्रा, फूलबदन कुशवाहा, अजय गोविंदराव उर्फ शिशु आदि ने संबोधित किया।
आमोद
