Thursday, April 2, 2026
Homeराज्यधमकी मिलने के बाद सलमान खान के आवास की सुरक्षा बढ़ी

धमकी मिलने के बाद सलमान खान के आवास की सुरक्षा बढ़ी

मुंबई(हि.स.)। फिल्म अभिनेता सलमान खान और उनके पिता सलीम खान को मिली जान से मारने की धमकी के बाद मुंबई पुलिस ने सलमान खान के यहां बांद्रा स्थित आवास पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है।

सोमवार को मुंबई के संयुक्त पुलिस आयुक्त विश्वास नागरे पाटिल खुद सलमान खान के आवास पर जाकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। बताया जा रहा है कि मुंबई पुलिस सलमान खान और सलीम खान को अतिरिक्त सुरक्षा प्रदान करने वाली है।

रविवार को सुबह सलमान खान के पिता सलीम खान मार्निंग वाक पर गए थे। जब वह एक बेंच पर बैठे थे तो वहां पर पहले से ही रखा गया धमकी भरा पत्र उन्हें मिला था। इस पत्र में सलमान खान तथा सलीम खान की हालत गायक सिद्धू मूसेवाला जैसे करने की बात लिखी हुई थी। इस पत्र में जी.बी. तथा एल.बी. भी लिखा गया है। इसलिए मुंबई पुलिस इस पत्र को लेकर सतर्क हो गई और बांद्रा पुलिस स्टेशन में रविवार को ही अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया। इसके बाद सोमवार को सुबह बांद्रा इलाके के पुलिस उपायुक्त मंजुनाथ शिंगे ने सलमान खान के आवास का दौरा किया था। इसके बाद मुंबई पुलिस के संयुक्त पुलिस आयुक्त विश्वास नागरे पाटिल ने भी सलमान खान के आवास का दौरा किया। फिलहाल सलमान के आवास पर पुलिस सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। बताया जा रहा है कि मुंबई पुलिस सलमान खान तथा सलीम खान का बयान दर्ज करने वाली है। पुलिस सलमान खान के आवास तथा सलीम खान, जहां मार्निंग वाक के लिए नियमित जाते हैं, वहां के सीसीटीवी फुटेज की छानबीन कर रही है।

राजबहादुर/दधिबल

RELATED ARTICLES

Most Popular