कानपुर (हि.स.)। सनातन प्रेमियों के लिए दीपावली पर्व एक महत्वपूर्ण स्थान रखता है। मंगलवार को मनाए जाने वाले धनतेरस को लेकर बाजार में ग्राहकों के लिए तरह-तरह योजनाओं के साथ व्यापारी वर्ग भी जुट गया है। बर्तन बाजार से लेकर मोबाइल शोरूम, कार बाजार व कपड़ा बाजारों में भी रौनक देखने को मिल रही हैं।
धनतेरस व दीपावली को लेकर दुकानदार मित्रों ने आज से अपने-अपने प्रतिष्ठानों को दुल्हन की तरह सजा दिया है। हिन्दुस्थान समाचार को दुकानदारों ने अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की।
गणेश-लक्ष्मी के विक्रेता सैम साहू ने बताया कि वह पिछले 40 वर्षों से भगवान की मूर्तियों की दुकान लगा रहे है। उनका कहना है कि पिछले बार की अपेक्षा इस बार बाजार में ग्राहकों की मांग तरह-तरह से आ रही है। बाजार में गणेश लक्ष्मी की मूर्तियां 70 रुपए से 5100 रुपए तक की बिक रहीं है।
कानपुर की भूसाटोली बर्तन बाजार थोक व फुटकर व्यापार के लिए अपनी अलग ही पहचान रखती है। वहीं इस बार धनतेरस को लेकर बर्तन बाजार में छोटे बड़े प्रतिष्ठान बड़ी ही खूबसूरती के साथ सजा दिए गए। साथ अपने ग्राहकों को लुभाने के मैटल्स सामानों की एक विशेष श्रंखला भी उतारी है। जिससे ग्राहकों को कम कीमत में अपने घरेलू सम्बन्धी सामान आसानी मिल सके। आर के मैटल्स के मालिक अजय कुमार गुप्ता ने बताया कि वह इस व्यापार में पिछले 40 वर्षों से ग्राहकों को सन्तुष्ठ करते आ रहे है। इस धनतेरस में ग्राहकों को 220 रुपए से 700 रुपए में स्टील, 580 रुपए से 900 रुपए में पीतल व पूजा के इस्तेमाल में आने वाले तांबे के पात्र व 1200 से 2000 रुपए तक बिक रहे है। उनका कहना है कि इस पिछले वर्ष की अपेक्षा 30 फीसदी की महंगाई सामने उभर कर आ रही है।
लाजपत नगर स्थित परदेशी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की दुकान के मालिक ने बताया कि धनतेरस व दीपावली की तैयारियां सभी प्रकार से पूरी हो चुकी हैं। ग्राहकों के लिए टीवी, फ्रिज, वाशिंगमशीन, मिक्सर जूसर व स्मार्ट एलईडी टीवी पर आकर्षक छूट के साथ ही विभिन्न बैंकों से कम दर से फाइनेन्स की सुविधा एक ही छत के नीचे उपल्ब्ध है। उनका कहना है कि इस बार ग्राहकों के लिए कम्पनियों के द्वारा तरह-तरह स्कीम भी दी जा रही है। जिससे ग्राहकों को आसानी से उनके मन पसंद सामान मिल सके।
मॉलरोड स्थित नार्दन मोटर्स के मैनेजर विकास ने बताया कि इस बार कम दाम पर ज्यादा माइलेज वाली मोटरसाइकिल की श्रंखला हमारे पास उपलब्ध है। जो कि आसान किस्तों व कम ब्याज दरों के साथ विभिन्न बैंकों से आसानी के साथ फाइनेन्स सुविधा के साथ दी जा रही है। उनका कहना है कि इस बार कयास लगा रहे है कि पिछले वर्ष की अपेक्षा इस वर्ष ज्यादा से दो पहिया के प्रेमी युवावर्ग में ज्यादा उमड़ के सामने आ रही है।
