Wednesday, March 4, 2026
Homeउत्तर प्रदेशधनतेरस व दीपावली को लेकर इन मार्गों पर बदला रहेगा रूट :...

धनतेरस व दीपावली को लेकर इन मार्गों पर बदला रहेगा रूट : डीसीपी यातायात

– आगामी त्योहार को लेकर यातायात पुलिस उपायुक्त ने बनाई रुपरेखा

कानपुर (हि.स.)। त्योहारों का मौसम है ऐसे में सबसे बड़ी चुनौती पुलिस प्रशासन के लिए यातायात को सुगम बनाने की होती है। वहीं पुलिस प्रशासन ने दीपावली त्यौहार के मद्देनजर यातायात को व्यवस्थित करने के लिए खास तौर पर अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। जहां दोपहर 3 बजे से देर रात तक धनतेरस के दिन से बाजारों में किसी प्रकार के वाहन अंदर नहीं जा सकेंगे और जो भी वाहन स्वामी बाजार के लिए जाते हैं उनके लिए पार्किंग की व्यवस्था भी की जाएगी। जहां पर वह अपने वाहन खड़ा करते हुए वहां से पैदल ही बाजार के अंदर जा सकेंगे।

पुलिस उपायुक्त यातायात बी.बी.जी.टी.एस मूर्ति ने बताया कि धनतेरस से दीपावली के दिन तक हर रोज दोपहर 3:00 बजे से रूट डायवर्जन रहेगा। शहर के सभी प्रमुख बाजारों में कड़ी निगरानी रखते हुए बाजारों के अंदर एक भी वाहन अंदर नहीं जा सकेगा।

इसके लिए खास तौर पर शहर के 16 जगहों को चिन्हित किया गया है। जहां पर त्योहारों में भीड़ भाड़ ज्यादा बनी रहती है। उन्होंने बताया कि ऐसी तमाम मार्केट है जहां पर अपार भीड़ उमड़ती है जिसको लेकर रूट डायवर्ट किया गया है।

जहां कर्नलगंज चौराहे की ओर से आने वाला यातायात लाल इमली चौराहा, वीआईपी रोड होते हुए मेघदूत तिराहा की ओर जाएगा और लाल इमली चौराहे में कोई भी वाहन कारसेट चौराहे की ओर नहीं जा सकेगा। वहीं लाल इमली चौराहे से घंटाघर नई सड़क की तरफ जाने वाले वाहन भी कारसेट चौराहे की ओर ना जाकर साइकिल मार्केट, यतीमखाना से परेड होकर अपने गंतव्य की ओर जाएंगे। परेड चौराहे से कोई भी वाहन कारसेट चौराहा व नवीन मार्केट की ओर नहीं जा सकेगा। चेतना चौराहा से बड़ा चौराहा मेस्टन रोड व नवीन मार्केट की ओर दोपहर बाद 3:00 बजे के बाद कोई भी वाहन नहीं जा सकेगा।

डीसीपी ने बताया कि कारसेट चौराहे की तरफ एमजी कॉलेज से आने वाले वाहनों को लाल इमली की तरफ मोड़ दिया जाएगा। यह वाहन नवीन मार्केट की तरफ नहीं जा सकेंगे। घंटाघर चौराहा, सिरकी मोहाल से बिरहाना रोड की ओर वाहन नहीं जा पाएंगे। यह वाहन एक्सप्रेस रोड से अपने गंतव्य की ओर जा सकेंगे। बिरहाना रोड पर आने वाला यातायात फूलबाग चौराहे से बिरहाना रोड की ओर जा सकेगा। नरोना चौराहा से कोई भी वाहन घंटाघर की ओर से नहीं जाएगा यह सभी वाहन कैनाल रोड होते हुए घंटाघर जाएंगे। हालसी रोड, सूतरखाना, घंटाघर की ओर से मूलगंज चौराहे की और हल्के व भारी वाहन नहीं जा सकेंगे।

घंटाघर पर कोई भी वाहन कैनाल रोड की ओर नहीं जाएगा बल्कि सभी वाहन एक्सप्रेस रोड होकर नरोना चौराहा की ओर गुजारे जाएंगे। हरजेंद्र नगर चौराहे से कोई भी वाहन चकेरी चौकी के पुराने भवन की ओर नहीं जाएंगे। यह सभी वाहन जे के चौराहे से बाएं मुड़कर अपने गंतव्य की ओर जाएंगे। चावला मार्केट चौराहा सीटीआई चौराहे के बीच कोई भी वाहन नहीं जाएगा सभी वाहन चावला मार्केट चौराहे से नंद लाल चौराहा होते हुए गुजरेंगे।

RELATED ARTICLES

Most Popular