कारण स्टील, तांबा और पीतल के दाम हैं बढ़े
लखनऊ (हि.स.)। धनतेरस पर इस बार लखनऊ के बर्तन बाजार ढीले रहने के आसार नजर आ रहे हैं। दुकानदार दुविधा की स्थिति में हैं। इसकी वजह है कि स्टील, तांबा और पीतल के कच्चे माल के दाम का लगभग दोगुने तक हो जाना है। इसका एक कारण पेट्रोल-डीजल के दाम का रोज बढ़ते रहना भी है। दुकानदार कहते हैं कि आजकल रोज तो बर्तन बाजार में दाम बढ़ रहे हैं। पिछले साल तक जिस दाम पर हम सामान बेचते थे, उससे अधिक दाम पर तो इस बार हमें खुद खरीद पड़ रही है। हम ग्राहक को क्या बताएंगे ?
तेलीबाग के एक बड़े बर्तनों के कारोबारी अनिल कुमार अग्रवाल बताते हैं कि स्टील वॉयर का दाम इस समय 177 रुपये किलो के भाव से पड़ रहा है, जबकि यह अभी कुछ महीने पहले तक 133 रुपये किलो था। तांबा का भाव क्वालिटी के हिसाब से इस समय 900 से 2000 रुपये किलो है, जबकि इससे पहले इसका भाव 500 से 1000 रुपये तक था।
निशातगंज के बर्तन कारोबारी शुक्ला बर्तन वाले ने बताया कि पीतल इस समय 700-900 से 1500 रुपये किलो के भाव से मिल रहा है। इससे पहले 350 से 600 रुपये किलो के भाव से मिल रही थी। बताया कि दीपावली पर लोग ज्यादातर पीतल-तांबे के पूजा का लोटा, पूजा की थाली व पूजा के अन्य बर्तन ही खरीदते हैं। स्टील में इस बार कढ़ाई सेट नया आया है। जिसमें ढोकला, मोमो, डोसा बना सकते हैं। इसके अलावा बिजली की केतली भी खरीदना लोग पसंद करते हैं।
पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ते रहने से भी कारोबार पर असर पड़ा है। आखिर माल ढुलाई का खर्चा भी तो इसमें जुड़ेगा। उन्होंने बताया कि इस बार तो कम मुनाफे में ही सामान बेचना पड़ेगा। कहा कि हम लोग भी माल क्रेडिट पर लाते हैं, बाद में हमें भी उसका पेंमेट करना होगा। कैसे सब होगा, समझ में नहीं आ रहा है।
