Tuesday, March 31, 2026
Homeउत्तर प्रदेशधनतेरस पर्व पर बाजारों में सुबह से ही चहल-पहल

धनतेरस पर्व पर बाजारों में सुबह से ही चहल-पहल

-सड़कों पर भी लक्ष्मी गणेश, बर्तन की अस्थाई दुकानें सजीं

वाराणसी(हि.स.)। धनतेरस पर्व पर बाजारों में सुबह से ही चहल-पहल बढ़ गई है। चैराहों, गलियों में लक्ष्मी गणेश, पूजन सामग्री और बर्तन की अस्थाई दुकानें लग गई हैं। शनिवार दोपहर बाद सोने के आभूषण, चांदी के सिक्के, कार, मोटरसाइकिल, इलेक्ट्रानिक्स सामान, बर्तन की खरीदारी के लिए रेला उमड़ पड़ेगा।

बाजार में पर्व पर दुकानदार डिस्काउंट और ऑफर भी ग्राहकों को दे रहे हैं। बर्तनों के साथ इलेक्ट्रिक इंडक्शन, कुकर की मांग भी दिख रही है। लहुराबीर व्यापार मंडल के संजय चौबे ने बताया कि गैस चूल्हा, मिक्सर ग्राइंडर, माइक्रोवेव, इलेक्ट्रिक केतली के भी ग्राहक आ रहे हैं। कई बड़ी दुकानों पर लोगों ने इन सामानों की पहले से पेशगी दे रखी है। संजय ने बताया कि पर्व पर जिले में अनुमानित सात से आठ करोड़ रुपये के बर्तन की बिक्री का अनुमान है। पर्व पर गोदौलिया, दशाश्वमेध, चौक, बुलानाला, मैदागिन, नई सड़क, लक्सा, रथयात्रा, सिगरा, महमूरगंज, लंका, सुंदरपुर, खोजवा, सरायनंदन, डीएलडब्ल्यू, ककरमत्ता, चितईपुर, लहुराबीर, मलदहिया, पांडेयपुर, आशापुर, अर्दली बाजार, गिलटबाजार ,शिवपुर में खरीददारों की भीड़ सुबह से ही दिखी। पर्व पर घरों की साफ-सफाई के लिए झाड़ू की भी खरीदारी हो रही है। झालरों व बच्चों के खिलौनों, पटाखों की दुकानों पर भी खरीदारी होती रही। शहर के सभी प्रमुख बाजारों में शाम ढलते-ढलते खरीदारों का सैलाब उमड़ पड़ेगा।

श्रीधर

RELATED ARTICLES

Most Popular