कानपुर (हि.स.)। आर्यनगर विधानसभा क्षेत्र में धनकुट्टी अस्पताल जर्जर खड़ा है और क्षेत्रीय लोग बराबर इसे बनवाने की मांग कर रहे हैं, ताकि स्थानीय लोगों को इलाज की सुविधा मिल सके। इसको लेकर आरोप है कि नगर निगम जानबूझकर जर्जर अस्पताल को नहीं गिरवा रहा है ताकि नया न बनवाना पड़े। अस्पताल बनवाने की मांग पर शुक्रवार को सपा विधायक अमिताभ बाजपेयी ने समर्थकों संग सांकेतिक श्रमदान किया। इसके साथ ही चेताया गया कि अगर एक सप्ताह के अंदर जर्जर अस्पताल को गिराने का काम नहीं किया गया तो पूरी तरह से श्रमदान किया जाएगा।
आर्यनगर विधायक अमिताभ बाजपेयी द्वारा धनकुट्टी अस्पताल को लेकर तीन माह से अधिक बीत जाने के बाद भी नगर निगम के अधिकारियों की हठधर्मिता के कारण अस्पताल के जर्जर भवन गिरवाने का कार्य नहीं कराया गया है। आरोप है राजनैतिक बहानेबाजी करके उसको रोका जा रहा है। अस्पताल बनवाने की मांग को लेकर शुक्रवार को विधायक ने क्षेत्रीय लोगों और समर्थकों संग सांकेतिक श्रमदान किया। विधायक ने कहा कि एक हफ्ते में न टूटा तो सम्पूर्ण श्रमदान करेगें। इसके साथ ही नगर निगम से पुनर्निर्माण के लिए एनओसी देने की मांग की। नगर विकास मंत्री को संबोधित ज्ञापन भी एसीपी को सौंपा। इस दौरान नीरज सिंह, अशोक केसरवानी, प्रभाकर शुक्ला ओमी,नंदलाल जायसवाल, पप्पन शर्मा, कृपाशंकर त्रिवेदी, दिनेश शुक्ला, राजकुमार यादव, सर्वेश यादव, दीपा यादव, हरीओम पांडेय, सुशील तिवारी, अमित गुप्ता आदि मौजूद रहें।
