– तीन डिब्बों के साथ आईआईटी से मोतीझील तक चलेगी कानपुर मेट्रो
कानपुर (हि.स.)। देश में सबसे अधिक तेजी से निर्माण कार्य में शुमार हो चुकी कानपुर मेट्रो का शुभारंभ मंगलवार को होने वाला है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के शुभारंभ के बाद बुधवार से मेट्रो राजस्व की सेवाएं देने लगेगी, यानी कानपुरवासी मेट्रो का सफर कर सकेंगे। हालांकि अभी प्रथम चरण के तहत नौ किमी तक ही मेट्रो दौड़ेगी। यह बातें शुभारंभ से एक दिन पहले सोमवार को उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के प्रबंध निदेशक कुमार केशव ने कही।
कहा कि कोविड जैसे कठिन समय के बा्वजूद कानपुर मेट्रो रेल परियोजना ने निर्माण कार्य की गति को तेज बनाए रखा और सभी बाधाओं और चुनौतियों को पार कर लिया। यूपीएमआरसी की टीम, ठेकेदारों, मजदूरों, कामगारों और सलाहकारों ने दो साल से भी कम समय में प्रायोरिटी कॉरिडोर के सिविल निर्माण कार्य को पूरा किया है। इसके परिणामस्वरूप, यूपीएमआरसी द्वारा दो साल से भी कम समय में कानपुर मेट्रो का ट्रायल रन शुरू किया गया। इसके साथ ही यूपीएमआरसी की टीम दो साल एक महीने एवं 15 दिन में कानपुर मेट्रो की राजस्व सेवाएं शुरू करने की उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने में सफल रही है।
तीन डिब्बों के साथ चलेगी मेट्रो
कुमार केशव ने कहा कि कानपुर मेट्रो तीन डिब्बों के साथ आईआईटी से मोतीझील तक प्राथमिकता खंड पर चलेगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा संचालन के उद्घाटन के बाद जनता के लिए यात्री सेवाएं बुधवार से खोली जाएंगी। दैनिक मेट्रो सेवाएं सुबह 6:00 बजे से रात 10:00 बजे तक उपलब्ध रहेंगी। शुरुआत में क्यूआर कोड से टिकट की सुविधा होगी, इसके बाद लोगों के लिए स्मार्ट कार्ड भी शुरू की जाएगी। प्रौद्योगिकी में प्रगति के साथ, हमारे द्वारा पेश किया गया टिकटिंग मॉडल कानपुर शहर में दैनिक आवागमन के अनुभव को विश्व स्तर के स्तर तक बढ़ा देगा।
आवागमन का सुरक्षित तरीका है मेट्रो
कुमार केशव ने कहा कि मेट्रो आवागमन का सबसे सुरक्षित तरीका है, ऐसे में कानपुर मेट्रो न केवल एक आरामदायक, सुगम और सुरक्षित यात्रा का अनुभव प्रदान करेगा बल्कि लोगों के हर दिन आने-जाने के तरीके को भी बदल देगा। यह निश्चित रूप से महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों और ‘दिव्यांगजनों’ को आरामदायक यात्रा अनुभव के साथ सुविधा प्रदान करेगा। कानपुर मेट्रो शहरी परिवहन के अन्य साधनों की तुलना में सस्ती है। यह दैनिक ट्रैफिक जाम में फंसे बिना यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचने में मदद करके समय और धन की बचत करेगा।
महमूद
