मेरठ (हि.स.)। जनपद में दो युवकों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। एक वारदात नौचंदी थाना क्षेत्र के शास्त्री नगर सेक्टर 13 में हुई। जबकि एक वारदात हस्तिनापुर थाना क्षेत्र में दोस्त ने ही अपने दोस्त की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस दोनों वारदातों की छानबीन में जुटी है।
नौचंदी थाना क्षेत्र के शास्त्री नगर सेक्टर 13 में प्रदीप शर्मा का परिवार रहता है। बुधवार की दोपहर प्रदीप अपने दोस्त के साथ घर आए थे। घर के बाहर ही मंदिर के बराबर में बाइक सवार दो हमलावर घात लगाकर बैठे हुए थे। प्रदीप को देखते ही उन्होंने पिस्टल निकालकर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली प्रदीप के सिर में और छाती में दो गोलियां मार दी। इससे प्रदीप की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपित फरार हो गए।
सूचना मिलते ही एसपी सिटी पीयूष सिंह और नौचंदी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण का कहना है कि वारदात का जल्दी ही खुलासा कर दिया जाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
दोस्त ने गोली मारकर की हत्या
दूसरी घटना हस्तिनापुर थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक अब्दुल्लापुर गांव निवासी मनीष और दुष्यंत दोस्त थे। मनीष का हस्तिनापुर की भीमनगर कॉलोनी निवासी युवती हेमलता से प्रेम प्रसंग चल रहा था। उसकी प्रेमिका रोडवेज की मेरठ डिपो में परिचालक है। मंगलवार की देर शाम मनीष, हेमलता और दुष्यंत मवाना में लगी शहीद चंद्रभान प्रदर्शनी में घूमने आए थे। प्रदर्शनी में ही रोडवेज का चालक राजकुमार उन्हें मिल गया। प्रदर्शनी में घूमने के बाद देर रात दुष्यंत और राजकुमार हेमलता को छोड़ने के लिए हस्तिनापुर चले गए। हेमलता अपनी स्कूटी चला रही थी तथा दुष्यंत व राजकुमार बाइक पर सवार थे। हेमलता को घर छोड़कर दुष्यंत और राजकुमार वापस लौट रहे थे। रानी नंगला तिराहे पर पीछे से आए मनीष ने दुष्यंत के सिर में तमंचा से गोली मार दी। राजकुमार ने मौके से भागकर मवाना थाने में घटना की सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल दुष्यंत को मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया। बुधवार को अस्पताल में उपचार के दौरान दुष्यंत की मौत हो गई।
इंस्पेक्टर हस्तिनापुर केपी राठौर ने बताया कि मनीष हेमलता का दूर का रिश्तेदार है। दोनों एक-दूसरे से प्रेम करते थे। अब दुष्यंत और हेमलता के बीच नजदीकियां बढ़ रही थी, जो मनीष को बर्दाश्त नहीं हुई। इससे पहले भी मनीष ने हेमलता को कुछ कहने पर एक युवक को गोली मार दी थी। मनीष की तलाश की जा रही है।
कुलदीप
