बदायूं (हि.स.)। उझानी कोतवाली के बुटला मोड़ के पास सोमवार को तेज रफ्तार दो बाइकें आमने सामने टकरा गईं। हादसे में बाइक सवार एक कंवड़िए की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी व बेटी और दूसरी बाइक पर सवार युवक घायल हो गया। पुलिस ने तीनों घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है।
थाना सिविल लाइन के कठोली गांव के रहने वाले विनोद पत्नी कुसमा, बच्ची मोहिनी के साथ कछला गंगा जल लेने गए थे। देर रात विनोद बाइक से जल लेकर वापस अपने गांव कठोली लौट रहे थे। बुटला मोड़ के पास विनोद की बाइक उझानी के भरा टोला के रहने वाले राजकुमार की बाइक से टकरा गई। हादसे में विनोद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी कुसम व बेटी मोहिनी और दूसरी बाइक पर सवार राजकुमार घायल हो गया। तीनों घायलों को पुलिस ने मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया जहां उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में उझानी कोतवाली पुलिस ने बताया कि मृतक के परिजन की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
दीपक/डॉ. आमोदकांत
