Thursday, April 2, 2026
Homeउत्तर प्रदेश दो बदमाशों को मुठभेड़ में ढेर करने वाले दरोगाओं को सीपी ने...

 दो बदमाशों को मुठभेड़ में ढेर करने वाले दरोगाओं को सीपी ने दिया इनाम

एक को लोहता तो दूसरे को चितईपुर थाने का बनाया प्रभारी

वाराणसी (हि.स.)। बड़ागांव थाना क्षेत्र के हरहुआ भेलखा के समीप सोमवार तड़के बिहार के दो शातिर अपराधियों को ढेर करने वाले दो युवा उप निरीक्षकों को पुलिस कमिश्नर ने बड़ा इनाम दिया है। उप निरीक्षक और एसीओजी इंटेलीजेंस विंग बृजेश मिश्रा को थानाध्यक्ष चितईपुर और उप निरीक्षक और नदेसर चौकी प्रभारी राजकुमार पाण्डेय को थानाध्यक्ष लोहता का प्रभार दिया गया है। माना जा रहा है कि पुलिस कमिश्नर ए सतीश गणेश ने प्रोत्साहन स्वरूप 2018 बैच के दोनों युवा दरोगाओं को थाने का प्रभार दिया है। थानाध्यक्ष चितईपुर रहे बैजनाथ सिंह और लोहता थाना प्रभारी राजेश त्रिपाठी को एसआईटी से संबद्ध किया गया है।

लक्सा थाने में तैनात दरोगा अजय यादव को रोहनिया जगतपुर में गोली मार बदमाशों ने उनकी सरकारी पिस्टल भी लूट ली थी। वारदात से पुलिस के इकबाल को खुली चुनौती मिली थी। घटना से प्रदेश पुलिस पर भी सवाल उठ रहा था। वाराणसी पुलिस कमिश्नर ने घटना को चुनौती मानकर बदमाशों के गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी थी और खुद भी इस पर निगरानी रख रहे थे। पुलिस कमिश्नर ए. सतीश गणेश ने बताया कि दरोगा अजय यादव को गोली मार कर पिस्टल लूटने की घटना को अंजाम देने वाले बदमाशों की तलाश में पुलिस टीमें लगातार लगी हुई थीं। आज सुबह सर्विलांस की मदद से पता लगा कि घटना में वांछित 3 बदमाश भेलखा गांव के पास रिंग रोड से गुजर रहे हैं। इस पर कमिश्नरेट की क्राइम ब्रांच और बड़ागांव थाने की पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीनों बदमाशों को रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गए,उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ के बाद बदमाशों के पास से बरामद हुई 9 एमएम पिस्टल के मिलान की कार्रवाई के लिए उसे हेड आरमोरर के पास भेजा गया है। जांच के बाद आरमोरर ने कंफर्म किया है कि बदमाशों से बरामद हुई पिस्टल दरोगा से लूटी गई थी। मुठभेड़ में पुलिस टीम की गोली ने बदमाशों के सीने को भेद दिया था।

श्रीधर

RELATED ARTICLES

Most Popular