Tuesday, March 31, 2026
Homeउत्तर प्रदेशदो पक्षों में विवाद के बाद फायरिंग, गोली लगने से दो व्यक्ति...

दो पक्षों में विवाद के बाद फायरिंग, गोली लगने से दो व्यक्ति घायल

फिरोजाबाद (हि.स.)। रजावली थानाक्षेत्र अन्तर्गत शुक्रवार को एक ही परिवार के दो लोगों में विवाद के बाद फायरिंग हुई। इसमें गोली लगने से दो व्यक्ति घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।

गांव नगला बीच निवासी अतुल गुप्ता व फूलचंद्र गुप्ता एक ही परिवार के सदस्य हैं। दोनों की आसपास ही दुकान है। शुक्रवार को दुकान का सामान रखने को लेकर दोनों केबीच कहासुनी के साथ ही विवाद हो गया। कुछ ही समय में विवाद ने तूल पकड़ लिया। इस दौरान फायरिंग हुई, जिसमें गोली से फूलचंद गुप्ता व मुन्ने खां घायल हो गए। घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति पर काबू पाते हुए तत्काल दोनों घायलों को उपचार के लिए सरकारी ट्रामा सेंटर की इमरजेंसी भिजवाया गया।

इस सम्बंध में सीओ सिटी कमलेश कुमार ने बताया कि अतुल व फूलचंद एक ही परिवार के सदस्य हैं। इनमें दुकान पर समान रखने को लेकर विवाद हुआ था। अतुल गुप्ता ने फूलचंद्र गुप्ता पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से फूलचंद घायल हुए हैं। वही भागते समय मुन्ने खां सामने आ गए। उन्हें भी गोली मार दी जो उनके कंधे में लगी है, जिससे वह भी घायल हुए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।

कौशल/दीपक/बृजनंदन

RELATED ARTICLES

Most Popular