Wednesday, April 1, 2026
Homeउत्तर प्रदेशदो पक्षों में चली गोलियां, आठ घायल

दो पक्षों में चली गोलियां, आठ घायल

मथुरा(हि.स.)। थाना बलदेव अंतर्गत गांव तल्खीगढ़ी में ट्रैक्टर निकालने को लेकर दो पक्षों में विवाद के दौरान जमकर फायरिंग हुई, जिसमें आठ लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, एसपी देहात सहित थानाध्यक्षों ने घायलों को उपचार हेतु जिला अस्पताल भर्ती कराया है। उनमें चार की हालत गंभीर बनी हुई है।

एसएसपी ने बताया कि निष्पक्ष जांच के बाद आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल शांति व्यवस्था को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

थाना बलदेव क्षेत्र अंतर्गत सोमवार सुबह गांव तल्कीगढ़ी, कंजोली घाट निवासी दिनेश ट्रैक्टर लेकर गांव की ओर आ रहा था। रास्ते में जगदीश के प्लॉट में से होकर दिनेश ने ट्रैक्टर निकालने का प्रयास किया लेकिन जगदीश ने मना कर दिया और दोनों में विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते जमकर लाठी, डंडे चले तो दिनेश पक्ष की ओर से ताबड़तोड़ फायरिंग होने लगी। इससे गांव में भगदड़ मच गई। गोली लगने से वीपी सिंह, विकास, मोहिनी, सतीश, रूप सिंह और एक अन्य घायल हो गए।

सूचना पर पहुंचे एसएसपी डाॅ.गोरव ग्रोवर,एएसपी देहात श्रीश चंद्र, सीओ महावन रविकांत पाराशर,इंस्पेक्टर बलदेव नरेन्द्र यादव ने पुलिस बल के साथ मौका मुआयना कर मामले की जानकारी ली तथा घायलों को उपचार हेतु जिला अस्पताल भर्ती कराया, जहां चार लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डा. गौरव ग्रोवर ने बताया कि ट्रैक्टर न निकलने को लेकर हुए विवाद के दौरान दिनेश और जगदीश पक्ष में गोलीबारी हुई है, जिसमें आधा दर्जन से अधिक लोग घायल है। पुलिस जांच में जुटी है, निष्पक्ष जांच के बाद दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। शांति व्यवस्था को देखते हुए इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

RELATED ARTICLES

Most Popular