Wednesday, February 25, 2026
Homeउत्तर प्रदेशदो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे मुख्यमंत्री योगी,सर्किट हाउस में समीक्षा बैठक

दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे मुख्यमंत्री योगी,सर्किट हाउस में समीक्षा बैठक

-मौसम की खराबी से हेलीकाॅप्टर के न उड़ने पर सड़क मार्ग से सर्किट हाउस आये मुख्यमंत्री

वाराणसी(हि.स.)। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरूवार शाम दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे। मौसम की खराबी से हेलीकाॅप्टर के न उड़ने पर मुख्यमंत्री मऊ जिले से कड़ी सुरक्षा के बीच सड़क मार्ग से वाराणसी सर्किट हाउस में आये तो अफसरों के साथ जनप्रतिनिधियों और भाजपा के पदाधिकारियों ने गर्मजोशी से अगवानी की।

मुख्यमंत्री सर्किट हाउस में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक करने के बाद बीएचयू कैंपस में निर्माणाधीन परियोजनाओं का निरीक्षण कर सकते हैं। देर शाम श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन.पूजन भी करेंगे। सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम के बाद मुख्यमंत्री शुक्रवार को करीब सुबह नौ बजे पुलिस लाइन हेलीपैड से जौनपुर के लिए रवाना होंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री जौनपुर और गाजीपुर जिले में दो अलग-अलग कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

इसके बाद वह वाराणसी आएंगे और रुद्राक्ष इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में भारतीय जनता पार्टी की ओर से आयोजित किताब विमोचन के कार्यक्रम में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री व प्रधानमंत्री के रूप में 20 वर्ष के सफलतम कार्यकाल व प्रशासनिक दक्षता पर प्रकाशित पुस्तक मोदी/20 पर मुख्यमंत्री संवाद करेंगे। कार्यक्रम में भाग लेने के बाद मुख्यमंत्री लखनऊ रवाना होंगे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शहर में मौजूदगी को देख पुलिस और प्रशासनिक अफसर सतर्क हैं। शहर में वीआईपी मूवमेंट के समय यातायात व्यवस्था को लेकर खुद पुलिस कमिश्नर सजग हैं। उन्होंने मातहत अफसरों से कहा कि कहीं भी किसी तरह की कोई समस्या नहीं आनी चाहिए। सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिसकर्मी अतिरिक्त सतर्कता के साथ अपनी ड्यूटी करें।

श्रीधर

RELATED ARTICLES

Most Popular