महराजगंज(हि.स.)। जिले के नेपाल बार्डर से लगे सोनौली के अलावा कोल्हुई थाना क्षेत्रों में अरबों का चरस बरामद हुआ है। महज दो दिनों में ही महराजगंज की सोनौली और कोल्हुई पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपितों के खिलाफ कठोर कदम उठाया है। तस्करी के इन दोनों ही मामलों में लग्जरी कार का सहारा लेने की बात सामने आई है।
सोनौली थाना क्षेत्र के भगवानपुर पिपरहिया मार्ग पर गुरुवार की रात्रि में मिली सफलता में लगभग 49 करोड़ का चरस बरामद हुआ है, जबकि 22 नवम्बर को लगभग 50 करोड़ रुपये की कीमत का चरस बरामद हुआ था। कीमतें अंतरराष्ट्रीय बाज़ार के अनुरूप है।
ज्ञातव्य हो कि सोनौली थाना क्षेत्र के भगवानपुर पिपरहिया मार्ग पर गुरुवार की रात्रि में चरस की तस्करी के आरोप में चार आरोपितों को हिरासत में लिया गया है। अब पुलिस जाँच पडताल में जुटी है। अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में बरामद मादक पदार्थ (चरस) की कीमत 49 करोड़ बताई जा रही है। यहाँ गिरफ्तार सभी चारों आरोपित महराजगंज के हैं। पुलिस अधीक्षक कौस्तुभ के मुताबिक कार से जा रहे इन चारों आरोपियों के पास से 85 पैकेट में 85 किलोग्राम चरस बरामद हुआ है। गिरफ्तार आरोपितों में महराजगंज के संतोष पासवान, रामअवतार यादव, दीपक मिश्र और संजय यादव शामिल हैं।
22 नवम्बर को महराजगंज जिले में कोल्हुई पुलिस ने बुधवार को मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर 50 करोड़ रुपये की 88.50 किलोग्राम चरस के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई थी। इनमें दो गोरखपुर और एक शाहजहांपुर का निवासी बताया गया था। ये आरोपी लग्जरी कार से चरस की खेप को नेपाल राष्ट्र भेजने के फिराक में थे। इन लग्जरी कारों से 88.50 किलो चरस बरामद हुई थी। इस घटना में पुलिस टीम को देख कार सवार भागने लगे थे, जिन्हें कुछ दूर दौड़ाने के बाद पकड़ लिया गया था।
डॉ. आमोदकांत /बृजनंदन
