Thursday, March 12, 2026
Homeउत्तर प्रदेशदो गुटों के झगड़े में अधिवक्ता को लगी गोली, हालत गंभीर

दो गुटों के झगड़े में अधिवक्ता को लगी गोली, हालत गंभीर

मेरठ (हि.स.)। कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के अंबेडकर रोड पर दो गुटों के झगड़े में वहां से गुजर रहे एक अधिवक्ता को गोली लग गई। गंभीर हालत में अधिवक्ता का अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी है।

कंकरखेड़ा में अंबेडकर रोड पर मॉडल टाउन के सामने दो पक्षों में झगड़ा हो गया। इस दौरान लाठी-डंडों के साथ ही हमलावरों ने कई राउंड फायरिंग की। उसी दौरान ओमनगर निवासी अधिवक्ता अजय गोयल अपनी पत्नी को स्कूटी से डॉक्टर को दिखाने ले जा रहे थे। अजय गोयल की पत्नी ने झगड़ा देखकर उनसे वापस मुड़ने को कहा। जब अजय गोयल अपनी स्कूटी वापस मोड़ने लगे तो एक गोली अधिवक्ता को लग गई। गोली लगने से अधिवक्ता सड़क पर गिर पड़े। यह देखकर हमलावर वहां से फरार हो गए। अधिवक्ता को गोली लगने की सूचना पर कंकरखेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल अधिवक्ता को कैलाशी अस्पताल में भर्ती कराया।

अधिवक्ता की गंभीर हालत को देखते हुए परिजनों ने उन्हें गढ़ रोड स्थित न्यूटिमा अस्पताल में भर्ती कराया। बताया जाता है कि हमलावरों का एक युवक से कुछ दिन पहले झगड़ा हो गया था और हमलावर उस युवक की हत्या करने के लिए पहुंचे थे। सीओ दौराला अभिषेक पटेल के अनुसार, घायल अधिवक्ता को अस्पताल में भर्ती कर दिया गया है। हमलावरों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। इसके लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।

डॉ. कुलदीप/मोहित

RELATED ARTICLES

Most Popular