शाहजहांपुर(हि.स.)। एसओजी और पुलिस की टीम ने रामचन्द्र मिशन थानाक्षेत्र से बाइक सवार दो मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया है। जिनके कब्जे से पुलिस को दो किलोग्राम अफीम बरामद हुई है। जिसकी कीमत अन्तर-राष्ट्रीय बाजार में करीब दो करोड़ रुपये है।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर सुधीर जायसवाल ने गुरुवार को बताया कि एसओजी और थाना रामचन्द्र मिशन पुलिस की संयुक्त टीम ने बीती देर रात हाइवे पर स्थित त्यागी आश्रम के पास से बाइक सवार दो मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया है। तस्करों के कब्जे से दो किलोग्राम अफीम और सैंतीस हजार रुपये बरामद हुए है। पकड़े गए तस्कर झारखंड के जनपद चतरा निवासी राजन कुमार(20) तथा शाहजहांपुर के मदनापुर थानाक्षेत्र के गांव अकबरपुर तिरिया निवासी श्रीकृष्ण(45) है।
एएसपी ने बताया की पकड़े गए तस्कर कई वर्षों से अफीम की तस्करी करते चले आ रहे हैं। तस्करों को झारखण्ड के जनपद चतरा क्षेत्र के मोहल्ला ऊंटा निवासी राजन कुमार सस्ते दामों में अफीम उपलब्ध कराता है। जिसे यह लोग उत्तर प्रदेश व अन्य प्रांतों में अच्छी कीमत पर बेच कर मुनाफा कमाते हैं। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार तस्करों के अन्य सदस्यों के बारे में पुलिस टीम द्वारा जानकारी जुटाई जा रही है।
अमित/राजेश
