आशुतोष पाण्डेय
नई दिल्ली (हि.स.)। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने खरीफ की अच्छी फसल के लिए किसानों को शुभकामनाएं दी। मंत्री ने शुक्रवार को राष्ट्रीय खरीफ सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि देश में 307 मिलियन टन खाद्यान्न उत्पादन का लक्ष्य रखा गया है, जिसे देश के किसान आने वाले दिनों में हासिल करेंगे।
मंत्री ने कहा कि कृषि का क्षेत्र हमारे देश की बड़ी आबादी को कवर करने के साथ ही रोजगार प्रदान करता है। हमारे गांवों व कृषि क्षेत्र की अर्थव्यवस्था बहुत मजबूत है, जिसके सहारे हम अनेक प्रतिकूलताओं से उबरते रहे हैं। तोमर ने कहा कि वो राज्यों से आग्रह करते हैं कि तिलहन व दलहन की दृष्टि से सभी राज्यों को और मिल-जुलकर मिशन मोड में काम करने की जरूरत है। जिससे देश इस दिशा में भी आत्मनिर्भर हो सके।
उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार जैविक खेती व जीरो बजट खेती को बढ़ावा देने के लिए कार्य कर रही है। राज्यों को पहचान करना चाहिए कि वे कौन-कौन से हिस्सों को पूरी तरह ऑर्गेनिक कर सकते हैं और किसानों को समय पर मार्केट उपलब्ध करा सकते हैं।
