Wednesday, February 11, 2026
Homeउत्तर प्रदेश देश के पीड़ित पहलवानों को न्याय दो : वेद प्रकाश शास्त्री

 देश के पीड़ित पहलवानों को न्याय दो : वेद प्रकाश शास्त्री

– रालोद प्रवक्ता वेद प्रकाश ने भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह पर कार्रवाई न होने पर उठाए सवाल

लखनऊ (हि.स.)। देश की बच्चियां (कुश्ती खिलाड़ी) जिन्होंने विदेश में भारत का डंका बजाने का काम किया, वह एक महीने से दिल्ली के जंतर-मंतर पर न्याय की भीख मांग रही हैं। जब सरकार ने उन बच्चियों की तरफ से एफआईआर दर्ज नहीं की, तो उन बच्चियों को सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाना पड़ा।

सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर पाक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज हुआ, लेकिन उसके बाद भी आज तक भाजपा सांसद बृजभूषण सिंह को गिरफ्तार नहीं किया गया। यह दर्शाता है कि जो भी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता हैं उनके लिए इस देश में अलग कानून है और आम जनता के लिए अलग है। यह निशाना शुक्रवार को राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के प्रवक्ता वेद प्रकाश शास्त्री ने साधा है।

उन्होंने कहा कि यदि देश के आम नागरिक के विरुद्ध पाक्सो एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत होता तो वह जेल में होता। कुछ समय पूर्व तिकुनिया कांड (लखीमपुर में हुआ कार हादसा) में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री के इशारे पर सात किसानों की हत्या हो गई थी। पूरे देश के किसान धरना प्रदर्शन करते रह गए, लेकिन अजय मिश्र टेनी का आज तक इस्तीफा नहीं हुआ और ना ही उन पर कोई कार्रवाई की गई। इन सारी कार्रवाई से यह प्रतीत होता है कि सरकार का लोकतांत्रिक मूल्यों पर विश्वास नहीं है और तानाशाही पूर्ण ढंग से भारतीय जनता पार्टी की सरकार देश को चलाना चाहती है जिसे देश की जनता किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं करेगी।

रालोद प्रवक्ता ने सरकार को आगाह करते हुए कहा कि यदि देश के पहलवानों के साथ न्याय न हुआ तो पार्टी के कार्यकर्ता सड़कों पर उतर कर इसका विरोध करेंगे और बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। यह आंदोलन तब तक चलेगा, जब तक बृजभूषण सिंह की गिरफ्तारी नहीं हो जाती। उन्होंने कहा कि देश संविधान से चलेगा। उन्होंने कहा कि आने वाले लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा।

मोहित /राजेश

RELATED ARTICLES

Most Popular