जाति-धर्म के नाम पर वोट मांग रहे नेता
लखनऊ (हि.स.)। कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव व उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी ने कहा कि महिलाएं देश की राजनीति को बदल सकती हैं। मैं अपनी बहनों से कहना चाहती हूं कि आप इस देश की आधी आबादी हैं। आपकी एकजुटता से देश बदल सकता है। । युवा इस देश का भविष्य हैं। आपसे मेरी अपील है कि अपने नेताओं को जिम्मेदार बनाइए। जिसने आपके लिए काम नहीं किया, उसे वोट मत दीजिए।
प्रियंका ने कहा कि नेता बड़ी-बड़ी बातें करते हैं, लेकिन वे अपने काम के आधार पर वोट नहीं मांग रहे हैं। वे वोट मांग रहे हैं आपके जज्बातों के आधार पर। वे वोट मांगते हैं जाति-धर्म पर। वे आपकी परेशानियों पर बात नहीं करते। वह वर्चुअल रैली को संबोधित कर रही थी।
कहा कि जब नेता आपके बीच आते हैं तो आपके मुद्दों की बातें क्यों नहीं होतीं? आपकी फसल के दाम की बात क्यों नहीं होती? महंगाई, बेरोजगारी की बात क्यों नहीं होती? एक बोरा खाद के इंतजार में लाइन में लगकर किसान की मौत हो जाती है, यह बात क्यों नहीं होती?
प्रियंका ने कहा कि युवा बेरोजगारी से परेशान हैं। कारोबारी गलत नीतियों से परेशान हैं। यूपी में मैं जहां-जहां जाती हूं, पता चलता है कि वहां बेरोजगारी है, महंगाई है, महिलाओं के साथ अत्याचार है, किसानों को खाद बीज और फसलों का दाम नहीं मिलता।
कांग्रेस नेता ने कहा कि महिलाओं के लिए हमने अलग से घोषणा पत्र बनाया है। हमारी योजना है कि हम 20 लाख सरकारी रोजगार देंगे जिसमें 40 प्रतिशत पद महिलाओं के लिए होंगे। प्रदेश भर में हर जिले में महिलाओं के लिए दक्षता विद्यालय खोले जाएंगे।
आवारा पशुओं की समस्या के लिए छत्तीसगढ़ की सरकार ने 02 रुपये किलो गोबर खरीदना शुरू किया, वर्मी कंपोस्टिंग शुरू की। कांग्रेस यूपी में भी ये नीतियां लागू करेगी। पशुओं से आपको आय होगी तो आवारा पशुओं की समस्या खत्म हो जाएगी।
कहा कि सरकार महिलाओं को एक गैस सिलेंडर देकर अपनी जिम्मेदारी से फुर्सत समझती है। हम तीन गैस सिलेंडर देंगे, लेकिन असल चीज है कि महिलाएं अपने पैरों पर कैसे खड़ी हों। हमने अपने शक्ति विधान में इसका पूरा खाका तैयार किया है।
बृजनन्दन
