नई दिल्ली/रोम (हि.स.)। देश का निर्यात वित्त वर्ष 2022-23 में छह प्रतिशत बढ़कर 447 अरब डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। इससे पिछले वित्त वर्ष 2021-22 में निर्यात 422 अरब डॉलर रहा था। देश का आयात भी 16.5 प्रतिशत बढ़कर 714 अरब डॉलर रहा, जो वित्त वर्ष 2021-22 में 613 अरब डॉलर रहा था। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने जारी एक बयान में कहा कि पेट्रोलियम, औषधि, रसायन तथा समुद्री उत्पादों के क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन से निर्यात अच्छा रहा है। वित्त वर्ष 2022-23 में निर्यात छह फीसदी बढ़कर 447 अरब डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। इस दौरान आयात 16.5 फीसदी बढ़कर 714 अरब डॉलर रहा। वस्तुओं और सेवाओं का निर्यात भी बीते वित्त वर्ष में 14 फीसदी बढ़कर 770 अरब डॉलर पर पहुंच गया, जो वित्त वर्ष 2021-22 में 676 अरब डॉलर था।
वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने रोम में संवाददाताओं से कहा कि भारत के निर्यात का प्रदर्शन शानदार रहा है। देश से कुल निर्यात वित्त वर्ष 2022-23 में 770 अरब डॉलर की नई ऊंचाई पर पहुंच गया है। वित्त वर्ष 2021-22 की तुलना में यह 14 फीसदी अधिक है। उन्होंने कहा कि 2020 में यह 500 अरब डॉलर तथा 2021-22 में 676 अरब डॉलर था। पीयूष गोयल ने कहा कि देश का सेवा निर्यात भी वित्त वर्ष 2022-23 में 27.16 फीसदी बढ़कर 323 अरब डॉलर रहा है, जो इससे पिछले वित्त वर्ष में 254 अरब डॉलर रहा था। उन्होंने कहा कि यह वास्तव में भारत के अंतरराष्ट्रीय बाजार में विस्तार का संकेत है। गौरतलब है कि वाणिज्य मंत्री इटली के दो दिवसीय आधिकारिक दौरे पर हैं।
प्रजेश शंकर/दधिबल
