देवरिया (हि.स.)। सदर कोतवाली क्षेत्र में शनिवार को मोटरसाइकिल सवार बदमाश एक युवक को गोली मारकर भाग गए। घायल को इलाज के लिए देवरिया मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है ।
सदर कोतवाली क्षेत्र के चिंतामन चक के रहने वाले रोहित यादव (20) की पुरानी रंजिश सकरापार के रहने वाले एक मनबढ़ युवक से चल रही थी। इसी को लेकर शनिवार को रोहित के मोबाइल पर किसी ने फोन कर उसे सकरापार ढाला पर बुलाया। रोहित पैदल ही सकरापार ढाला पर पहुंचा, जहां बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने रोहित पर फायर झोक दिया। गोली रोहित के गले पर लगी, जिससे वह वहीं पर गिर गया। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पहुंच गए। लोगों को आता देख बदमाश असलहा लहराते हुए बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। आसपास के लोगों ने घायल युवक को इलाज के लिए महर्षि देवराहा बाबा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया।
गोली लगने की सूचना पर कोतवाली पुलिस मेडिकल कॉलेज पहुंच कर घायल युवक से घटना के बारे में जानकारी ली। पुलिस की दूसरी टीम ने सकरापार ढाले पर पहुंच कर खाली कारतूस के बारे में जानकारी ली।
सूचना पर एसपी ने मेडिकल कॉलेज पहुंचकर पीड़ित का बयान दर्ज किया। जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने घायल रोहित का प्राथमिक उपचार के बाद गले का एक्सरे कराया। डॉक्टर ने उसकी हालत गंभीर बताई है।
ज्योति/दीपक/सियाराम
