Tuesday, February 10, 2026
Homeउत्तर प्रदेश देवरिया में दूल्हे के मामा की द्वार पूजा के दौरान गोली मार...

 देवरिया में दूल्हे के मामा की द्वार पूजा के दौरान गोली मार कर हत्या

– बिना शादी किए बारात बैरंग वापस लौट गई

– रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के बौरडीह गांव की घटना

– गोरखपुर के खजनी थाना क्षेत्र के न्यू संग्रामपुर उनवल से आई थी बारात

-गोरखपुर जिले के चिलुआताल के रहने वाले थे दुल्हे के मामा बजरंगी निषाद

देवरिया ( हि . स . ) । रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार की रात द्वार पूजा के दौरान हुए विवाद में लड़की पक्ष के रिश्तेदार ने लड़के के मामा की गोली मार कर हत्या कर दी। वारदात के बाद बारात बिना शादी के ही वापस लौट गई।

रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के बौरडीह गांव के रहने वाले स्व. नवनाथ निषाद की बेटी अनुराधा की शादी गोरखपुर के खजनी थाना क्षेत्र के न्यू संग्रामपुर उनवल के रहने वाले संदीप पुत्र लालजी निषाद के साथ तय थी। 16 मई की रात धूमधाम से बारात पहुंची। इसमें शामिल होने के लिए लड़की पक्ष के रिश्तेदार भी आए हुए थे। इसी बीच किसी बात को लेकर लड़की पक्ष के रिश्तेदार गोरखपुर जिले के झंगहा थाना क्षेत्र के दुबौली गांव के प्रधान ओमप्रकाश निषाद और दुल्हे के मामा बजरंगी निषाद के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। ओम प्रकाश निषाद के भतीजे राम रतन निषाद ने लाइसेंसी बंदूक से बजरंगी निषाद पर फायर झोंक दिया। उसी दौरान गोली लगते ही बजरंगी निषाद( 45) पुत्र राजाराम निषाद निवासी राम मटेसरा थाना चिलुआताल जिला गोरखपुर गंभीर रूप से घायल हो गए।

परिवार के लोग मेडिकल कालेज पहुंचे जहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। घायल बजरंगी को लेकर परिजन गोरखपुर जा रहे थे कि रास्ते में उनकी मौत हो गई । परिजन शव लेकर वापस लौट आए। घटना की सूचना मिलते ही रुद्रपुर पुलिस मौके पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद शादी के घर में कोहराम मच गया। बिना शादी किए बारात बैरंग वापस लौट गई।

जिलाजीत, क्षेत्राधिकारी, रुद्रपुर ने कहा कि द्वार पूजा के दौरान लड़की के रिश्तेदार ने लड़के के मामा को गोली मारकर हत्या कर दिया। मामले में आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अभियुक्तों की तलाश में हैं।

ज्योति

RELATED ARTICLES

Most Popular