देवरिया (हि .स.)। रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र में होली पर पिकनिक मनाने गए पांच युवक छोटी गंडक में आज डूब गए। घंटों कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने पांचों को बाहर निकाला। पुलिसकर्मियों ने पांचों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डाॅक्टर ने एक को मृत घोषित कर दिया । दो की हालत नाजुक देख गोरखपुर मेडिकल कालेज रेफर कर दिया । सदर कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज कर पुलिस परिवार के लोगों को घटना की जानकारी दी ।
सदर कोतवाली थाना क्षेत्र के हनुमान मंदिर के रहने वाले चंदन वर्मा ( 21) पुत्र रमेश , आर्यन श्रीवास्तव ( 20) , आयुष, राहुल और सुमित ने होली के मौके पर पांचों अपने बाइक से रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के पटनवापुल स्थित छोटी गंडक नदी किनारे पहुंच गए। पुल स्थित दुकानदारों और आसपास के लोगों ने उन्हें नदी में स्नान करने से मना किया। इसके बावजूद पांचों नदी में नहाने उतर गए। चंदन और आर्यन का पैर फिसलने से गहरे पानी में चले गए। दोनों को डूबता देख सुमित, आयुष और राहुल ने शोर मचाते हुए बचाने के लिए नदी में कूद गए। आसपास के लोग आवाज सुन कर पहुंच गए। सूचना थानाध्यक्ष अनिल कुमार को दी ।
पुलिसकर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से पांचों युवकों की नदी में तलाश शुरू कराई। राहुल और सुमित को तत्काल बाहर निकाल लेने से डूबने से बच गए, लेकिन चंदन, सुमित, आर्यन और आयुष के गहरे पानी में चले जाने से हालत गंभीर बन गई। बाहर निकालने के बाद पुलिसकर्मियों ने पांचों को सदर अस्पताल भिजवाया, इनमें से अभिषेक उर्फ चंदन को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया,वहीं आर्यन और सुमित की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने गोरखपुर रेफर कर दिया। युवक की मौत की सूचना पर परिजन और शुभचिंतकों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया । घटना की जानकारी होने सर सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची।
थानेदार अनिल कुमार ने कहा कि पांचों युवकों को नदी से बाहर निकाल कर अस्पताल भिजवाया गया है। मौके पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की जा रही है।
ज्योति
