–गोताखोर को पुलिस ने किया पुरस्कृत
देवरिया (हि.स.)। जनपद के अलग-अलग थाना क्षेत्र में सोमवार को नदी व तालाब में डूबकर पांच लोगों की मौत हो गई। जबकि नदी में डूब रहे चार लोगों को एक गोताखोर ने बचाया। बरहज पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम भेजकर गोताखोर को पुरस्कृत किया है।
सलेमपुर कोतवाली क्षेत्र के सलहाबाद वार्ड में रहने वाले अमित पांडेय (15 ) सोमवार को स्नान करने के लिए नदावर घाट पर गए थे। नदी में स्नान करते समय गहरे पानी में डूबने लगा, जिससे उसकी मौत हो गई।
उधर बरहज थाना घाट के सामने सरयू नदी में कुछ लोग स्नान कर रहे थे। पांच लोग गहरे पानी में डूबने लगे। यवकों को डूबता देख एक महिला शोर मचाने लगी। महिला के शोर सुनकर मछली मार रहे एक मछुआरे नदी में कूदकर हरनाडीह निवासी शिवम (23), बृजेश बोर्ड (20), फुलवरिया पांडे निवासी पन्नालाल (23) और बड़ाई निवासी निकेत मिश्र ( 22) को बचा लिया। वहीं, हरनाडीह निवासी अनुराग गौड़ (22) की नदी में डूबने से मौत हो गई। तीन घंटे की कठिन परिश्रम के बाद मछुआरों ने युवक के शव को नदी से बाहर निकाला।
इसी तरह बरियारपुर थाना क्षेत्र के बरियारपुर के रहने वाले अनिल प्रसाद (30 ) पुत्र स्वर्गीय शिवनाथ प्रसाद सोमवार को किसी कार्य से निकले हुए थे। सदर कोतवाली क्षेत्र के घटइला गाजी स्थित एक पोखरी में शव मिला।
भटनी थाना क्षेत्र के शिव बनकटा स्थित नदी में स्नान करते समय दो युवकों की डूबने से मौत हो गई । इनकी शिनाख्त अमवा पांडे निवासी कृष्णा (20), कुश यादव (23) के रूप में पहचान हुई । पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
