– आईजीआरएस संदर्भ डिफाल्टर की श्रेणी में आने पर हुई कार्रवाई : जिलाधिकारी
देवरिया ( हि.स.)। जिलाधिकारी अखण्ड प्रताप सिंह ने आईजीआरएस के निस्तारण में डिफाल्टर प्रकरणों का उत्तरदायित्व तय करते हुए जलनिगम ग्रामीण के अधिशासी अभियन्ता, बाल विकास परियोजना अधिकारी बरहज एवं परियोजना अधिकारी नेडा के जून माह के वेतन आहरण पर आज रोक लगा दिया है।
उन्होंने कहा कि आईजीआरएस का निस्तारण शासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता का विषय है। इसमें लापरवाही किसी भी कीमत पर क्षम्य नहीं है। प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा में यह तथ्य सामने आया कि उक्त अधिकारियों द्वारा बार-बार निर्देश दिए जाने के बावजूद जन समस्याओं के निस्तारण में लापरवाही बरती जा रही है।
उन्होंने बताया कि अधिशासी अभियन्ता उप्र जल निगम ग्रामीण देवरिया, बाल विकास परियोजना अधिकारी बरहज एवं परियोजना अधिकारी नेडा का एक-एक संदर्भ डिफॉल्टर की श्रेणी में आ चुका है। जिलाधिकारी ने इन सभी के जून माह के वेतन को अग्रिम आदेश तक रोक दिया है। जिलाधिकारी ने समस्त अधिकारियों को चेताते हुए कहा कि जनसुनवाई से जुड़े प्रकरण का निस्तारण संबद्धता एवं गुणवत्ता के साथ करें। इसमें कोताही मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
ज्योति
