देवरिया (हि. स.) । मुख्य विकास अधिकारी रवींद्र कुमार ने बुधवार को सभी विकास खंडों से व्हाट्सअप के जरिए उपस्थिति पंजिका मंगाकर कर्मचारियों की उपस्थिति की जांच की। इसमें 73 कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए।
जानकारी के मुताबिक, विकास खण्ड रामपुर कारखाना से चार, रुद्रपुर से एक, गौरी बाजार से पांच, सदर से आठ, बरहज से चार, भागलपुर से नौ, भाटपाररानी से 11, भटनी से दो, सलेमपुर से छह, तरकुलवां से पांच, बनकटा से चार, भलुअनी से पांच, लार से चार, देसही देवरिया से दो और विकास खण्ड पथरदेवा से तीन अधिकारी एवं कर्मचारी अनुपस्थिति पाए गए हैं।
इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए अनुपस्थित अधिकारी व कर्मचारियों के आज का मानदेय अवरुद्ध किया है। साथ ही संबंधित कार्यालयाध्यक्षों व खण्ड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अनुपस्थित कर्मचारियों का स्पष्टीकरण प्राप्त कर अपनी संस्तुति सहित स्पष्ट आख्या पांच दिन के भीतर प्रस्तुत करें।
ज्योति
