देवरिया (हि.स.)। लार थाना से पांच सौ मीटर दूर स्थित बरडिहा मार्ग के पास बने ईट-भट्ठे पर नकाबपोश बदमाशों ने मजदूरों से लूटपाट की थी। पुलिस तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और लापरवाही बरतने के आरोप में हल्का दरोगा समेत चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है।
लार थाना क्षेत्र के बरडीहा के पिपरीडीह गांव के रहने वाले अखिलेश यादव उर्फ मिनकल का थाने से पांच सौ मीटर दूर बरडीहा मार्ग पर ईट भट्ठा है। उस भट्ठे पर रायबरेली के रहने वाले चन्द्रभान गोवर्धन, लक्ष्मीना देवी और पिंकी देवी मजदूरी करती हैं।
त्योहार को देखते हुए गुरुवार को मालिक ने मजदूरों को पारिश्रमिक का भुगतान किया था। मजदूर त्योहार में शुक्रवार को अपने घर जाने वाले थे। रात में भोजन करने के बाद सभी सोने चले गए। इसी बीच सात नकाबपोश बदमाशों ने भट्ठे पर पहुंच कर लूटपाट शुरू कर दी। मजदूरों ने बताया कि बदमाशों ने उनके कटरैन का फाटक खुलवा कर वारदात को अंजाम दिया।
बदमाश चन्द्रभान से साढ़े आठ हजार नगद, लक्ष्मीना का चार हजार रुपये, सोने की बाली, किल, मंगलसूत्र, पायल और दो मोबाइल और पिंकी देवी से तीन हजार रुपया, कान की बाली, नाक की कील, मंगलसूत्र, पायल और एक मोबाइल लूट कर फरार हो गये। मजदूरों ने घटना की सूचना पुलिस और ईट भट्ठा मालिक को दी।
घटना की सूचना मिलते ही रात में ही स्थानीय पुलिस के साथ ही एएसपी मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरू कर दी। इस दौरान पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में ले लिया। मिली जानकारी के अनुसार भट्ठे के मजदूरों ने पहुंच कर बदमाशों की शिनाख्त भी की है।
शुक्रवार को भी एएसपी लार थाने पर पहुंचे और हिरासत में लिए गए संदिग्धों के साथ ही मजदूरों से भी पूछताछ कर जानकारी ली। लूट की घटना को गंभीरता से लेते हुए डॉ.श्रीपति मिश्र ने हल्का चौकी प्रभारी दरोगा सुनील पटेल, आरक्षी अमरजीत, संतोष और राजकुमार को निलम्बित कर दिया है। पुलिस संदिग्ध बदमाशों से मिली जानकारी के आधार पर अन्य बदमाशों की गिरफ्तारी में जुटी है।
इस संबंध में उन्होंने बताया कि ईट भट्ठे पर लूट की घटना में मुकदमा दर्ज कर छानबीन किया जा रहा है। मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही घटना में शामिल बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
