Friday, April 3, 2026
Homeउत्तर प्रदेशदूसरों के साइकिल पर सवार होने से अपनों की बढ़ी धड़कन

दूसरों के साइकिल पर सवार होने से अपनों की बढ़ी धड़कन

-समाजवादी पार्टी में 22 सीटिंग विधायक हो चुके हैं शामिल, कई पुराने सपा नेताओं का टिकट कटना तय

लखनऊ (हि.स.)। समाजवादी पार्टी में दूसरी पार्टी के लोगों के काफी संख्या में आ जाने से पुराने नेताओं के दिलों की धड़कने तेज हो गयी है। इसको लेकर पार्टी ने मनाने का सिलसिला भी तेज कर दिया है। इसके बावजूद आक्रोश की लहर उठना तय माना जा रहा है। अभी सपा द्वारा जारी 10 विधानसभा सीटों की सूची में बाहरियों को तवज्जो दिये जाने से कर्मठ कार्यकर्ताओं में आक्रोश दिखने लगा है।

समाजवादी पार्टी द्वारा जारी दस उम्मीदवारों की सूची में चरथावल से पंकज मलिक, धौलाना से असलम चौधरी, आगरा कैंट से कुंवर सिंह कुछ महिने पहले ही दूसरी पार्टियों से समाजवादी पार्टी में आये थे। इन्हीं उहापोह की स्थिति के कारण स्वामी प्रसाद मौर्य के भाजपा से इस्तिफा देने के बाद ही तुरंत ऊंचाहार के सपा विधायक मनोज पांडेय का बयान आया कि मैं ऊंचाहार से ही लडूंगा। इसका कारण यह था कि स्वामी के लड़के उत्कर्ष मौर्य पिछली बार ऊंचाहार से ही मनोज पांडेय के खिलाफ चुनाव लड़े थे। इसके बाद सपा प्रमुख अखिलेश यादव को उन्हें बुलाकर टिकट के लिए आश्वस्त करना पड़ा।

इस बीच समाजवादी पार्टी में दूसरे दलों से 22 सीटिंग विधायक आ चुके हैं। इनमें लगभग सबके टिकट पक्के माने जा रहे हैं। इसके अलावा कई पूर्व विधायक भी दूसरी पार्टियों से सपा में आये हैं। उनमें से भी कई के टिकट मिलने तय हैं। ऐसे में पहले से चुनावी तैयारी कर रहे समाजवादी पार्टी के पुराने नेताओं के टिकट कटने तय हैं।

अब सहारनपुर जिले को ही लें, तो वहां दो धुर विरोधी कांग्रेस के इमरान मसूद और भाजपा से धर्म सिंह सैनी साइकिल पर सवार हो गये हैं। दोनों ही नकुड़ विधानसभा से चुनाव लड़ते हैं। सैनी लगातार दो चुनावों में इमरान पर भारी पड़ रहे हैं। ऐसे में सीटों के समायोजन में परेशानी आना तय है।

उपेन्द्र

RELATED ARTICLES

Most Popular