लखनऊ(हि.स.)। बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार जिम्मेदार है। भाजपा सरकार प्रदेश में अराजकता फैला रही है। झूठे वादे करना और दूसरों पर झूठे आरोप लगाने के अलावा भाजपा के पास और कुछ नहीं है। भाजपा सरकार को विकास कार्य और जनता की सुविधाओं से कोई मतलब नहीं है। यह आरोप समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नेता विरोधी दल अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए लगाए हैं।
अखिलेश ने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा के झूठे वादों और बहकावों से अब ऊब चुकी है। उन्होंने विश्वास जताया कि नगर निकाय चुनाव के दूसरे चरण के मतदान के अवसर पर जनता भाजपा का सफाया कर विकास और सद्भाव की राजनीति को आगे बढ़ाएगी।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा नफरत फैलाने और नकारात्मकता को बढ़ावा देने की राजनीति करती है। नगर निकाय चुनाव में समाजवादी पार्टी को मिल रहे भारी जनसमर्थन से भाजपा में बौखलाहट है। जनता भाजपा की डबल इंजन सरकार और नगर निगमों के मेयरों से हिसाब लेने को तैयार है। नगर निकायों में भाजपा के सत्ता काल में न कहीं कूड़ा उठा, न ही साफ सफाई पर ध्यान दिया गया। जनता को सामान्य नागरिक सुविधाएं भी नहीं मिली।
सत्ता में आने के बाद भाजपा ने जनता को कदम-कदम पर धोखा दिया है। किसानों, नौजवानों, छात्रों, महिलाओं, व्यापारियों, से किये वादों को पूरा नहीं किया। भाजपा ने अपने संकल्प पत्रों को कूड़ेदान में फेंक दिया। पूरे निकाय चुनाव में भाजपा नेताओं ने जनता के हितों और सुविधाओं की बात नहीं की।
भाजपा ने जनता को स्मार्ट सिटी का सपना दिखाया। प्रदेश का एक भी शहर स्मार्ट सिटी के मानक को पूरा नहीं कर रहा है। भाजपा नेताओं ने भ्रष्टाचार और लूट की। समाजवादी सरकार ने जो अच्छे काम किए भाजपा ने उन्हें बर्बाद किया।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश की जनता से नगर निकाय चुनाव में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों को जिताने की अपील करते हुए कहा कि यह चुनाव लोकतंत्र और संविधान बचाने का भी चुनाव है। समाजवादी पार्टी ने हमेशा विकास और जनता की सुविधाओं के लिए काम किया है। समाजवादी पार्टी ही प्रदेश को विकास के रास्ते पर ले जाएगी। सपा के मुख्य प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी ने यह जानकारी एक पत्र जारी कर बुधवार को दी है।
मोहित वर्मा/राजेश तिवारी
