हरदोई(हि.स.)। शादी की खुशियों में शामिल दूल्हे का चचेरा भाई गैस सिलेंडर लेकर बाइक से घर वापस आ रहा था। इस दौरान हुई सड़क दुर्घटना में दूल्हे का चचेरा भाई और उसका साथी घायल हो गया। अस्पताल में इलाज के दौरान चचेरे भाई की मौत हो गई। इसकी खबर सुनते ही शादी की सारी खुशियां मातम में बदल गई। बारात भी वापस लौट आई। पुलिस हादसे की जांच कर रही है।
शुक्रवार को लगभग 10 बजे साण्डी थाने के भगहर निवासी अंकित अपने रिश्तेदार नितिन के साथ बाइक से इकनौरा गांव में स्थित गैस एजेंसी पर गैस सिलेंडर लेने गया था। वहां से गैस सिलेंडर लेकर वापस घर लौट रहा था। रास्ते में हरपालपुर थाने के लमकन गांव के पास तेज़ रफ्तार से आ रहे लोडर ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक सवार अंकित व नितिन दोनों बुरी तरह ज़ख्मी हो गए। हादसे की खबर मिलते ही एम्बुलेंस ने दोनों घायलों को हरपालपुर सीएचसी में भर्ती कराया। हालत गंभीर देखकर डाॅक्टरों ने दोनों को मेडिकल काॅलेज् हरदोई के लिए रेफर कर दिया। जहां पर इलाज के दौरान अंकित ने दम तोड़ दिया। अंकित की मौत की खबर सुनते ही उसके घर-परिवार में मातम पसर गया। अंकित के चचेरे भाई हिमांशु की बारात गुरुवार को बिलग्राम कोतवाली के बलेंदा गांव गई थी। जैसे ही वहां हादसे की खबर पहुंची तो मातम छा गया। वहां से बारात वापस लौट आई। साण्डी एसएचओ बालकृष्ण मिश्रा के मुताबिक, यह हादसा हरपालपुर थाना क्षेत्र का है। फिलहाल जांच शुरू हो गई है।
अम्बरीष
