Tuesday, March 31, 2026
Homeउत्तर प्रदेशदुस्साहस: कक्षा में घुसकर छात्र और घर में घुसकर छात्रा को साथी...

दुस्साहस: कक्षा में घुसकर छात्र और घर में घुसकर छात्रा को साथी ने मारी गोली

– छात्रा की मौत, छात्र की हालत गंभीर

झांसी(हिं.स.)। नवाबाद थाना क्षेत्र स्थित बुंदेलखंड महाविद्यालय (बीकेडी कॉलेज) में शुक्रवार को एक दुस्साहसी छात्र ने दिनदहाड़े अपने साथी छात्र को कक्षा में घुसकर गोली मार दी। दुस्साहस का यह मामला यहीं नहीं रुका। अपने साथी छात्र को गोली मारने के बाद उसी छात्र ने सीपरी बाजार निवासी एक छात्रा को उसके घर पर गोली मारकर लहूलुहान कर दिया। दोनों घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। वहां छात्रा को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। जबकि छात्र की हालत गंभीर बनी हुई है।
पूरे घटनाक्रम के बारे में जानकारी देते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) दिनेश कुमार पी ने बताया कि बीकेडी कॉलेज में एमए मनोविज्ञान के छात्र मंथन सिंह सेंगर ने उसी कॉलेज और उसी की कक्षा में पढने वाले अपने साथी छात्र हुकमेंद्र सिंह गुर्जर को पीछे से सिर पर गोली मार दी। मंथन का दुस्साहस यही नहीं थमा। कक्षा में अपने साथी को मौत के मुंह में पहुंचाकर वह भागकर सीपरी बाजार थाना क्षेत्र स्थित चाणक्यपुरम जा पहुंचा और वहां छात्रा कृतिका त्रिवेदी को उसके घर में घुसकर गोली मार दी। गोली कृतिका के गले में लगी। आनन फानन दोनों घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। वहां कृतिका को मृत घोषित कर दिया गया। जबकि हुकमेंद्र की हालत गंभीर बनी हुई है। उधर इस गोलीकांड को अंजाम देने के बाद भागने की कोशिश कर रहे मंथन को पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से एक पिस्टल और कारतूस बरामद किये गये हैं। मेडिकल कॉलेज के सीएमएस डॉ. हरिश्चंद्र ने बताया कि छात्र की स्थिति गंभीर बनी हुई है। उसके सिर में लगी गोली सिर में ही फंसी हुई है। उसे वेंटिलेटर पर रखा गया है।
गिरफ्तार मंथन से पुलिस पूछताछ कर रही है। शहर के बीचोबींच स्थित बीकेडी कॉलेज के क्लासरूम में दिनदहाड़े हुए इस गोलीकांड से क्षेत्र में हड़कम्प मच गया। लोगों के बीच चर्चाओं का बाजार गर्म है। यह भी कहा जा रहा है कि त्रिकोणीय प्रेम प्रसंग के चलते वारदात को अंजाम दिया गया है। लेकिन फिलहाल पुलिस ने गोलीकांड के पीछे कारण के बारे में अभी कुछ भी कहने से इंकार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपित युवक से पूछताछ चल रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारण के बारे में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular