– हत्या के मामले में पिता-पुत्र गिरफ्तार
आगरा (हि.स.)। यूपी डॉयल 100 में तैनात सिपाही की बेटी की हत्या करने से पहले कथित प्रेमी ने उसके साथ दुष्कर्म किया था। इसके बाद दुपट्टे से उसकी गला दबाकर हत्या कर दी थी। पिता-पुत्र ने रजाई के खोल में लाश को लपेट कर जलाया, लेकिन पुलिस के पहुंचने पर दोनों फरार हो गए । इस हत्या के मामले में पुलिस पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। आरोपी की मां की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
शुक्रवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुधीर कुमार सिंह ने प्रेसवार्ता कर खुशबू हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। उन्होंने बताया कि युवती की हत्या उसके ही कथित प्रेमी आशीष ने की थी। अभियुक्त ने अपना जुर्म स्वीकारते हुए बताया कि बीते सोमवार को जब उसके माता-पिता गंगा स्नान करने कासगंज गए थे तो उसने मिलने के लिए अपने घर बुलाया। घर पहुंचने पर उसने उस पर शादी का दबाव बनाया, लेकिन युवती ने इनकार कर दिया था। इस बात से गुस्से में आकर आशीष ने उसके साथ दुष्कर्म किया और बाद में उसके ही दुपट्टे से की गला दबाकर हत्या कर शव को बेड के नीचे छिपा दिया।
चौबीस घंटे के बाद जब परिजन घर पहुंचे तो बेड के नीचे युवती की लाश देखकर उनके होश उड़ गये। इसके बाद आशीष ने अपने माता-पिता को पूरे मामले की जानकारी दी। इस बात से घबराकर आशीष के पिता ने मंगलवार की रात शव को रजाई के कवर में लपेटकर खंदौली ले गए और उसमें आग लगा दी। अचानक पुलिस के पहुंचने पर वे लोग वहां से भाग गए। पुलिस ने अधजली लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम भेजा। शव की शिनाख्त के बाद आशीष और उसके पिता को धर दबोचा।
आशीष ने कबूला कि वे दोनों एक-दूसरे प्रेम करते थे। करीब छह माह पूर्व उसने अपनी और केसाथ खींची गयी फोटो को सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। इसकी जानकारी जब पिता को हुई तो उन्होंने एत्माउद्दौला थाना में आशीष को बंद करवा दिया था। आपसी सुलह के बाद मामले को दोनों परिवार ने निपटा लिया था और बिना किसी कार्रवाई के आशीष को छोड़ दिया गया था। आशीष से बात करना व मिलना बंद कर दिया था। इसके बाद मौका पाते ही उसने हत्या कर दी।
एसएसपी ने बताया कि दुष्कर्म के बाद युवती की हत्या के आरोप में उसके कथित प्रेमी आशीष और साक्ष्य को छिपाने व बेटे का साथ देने के आरोप में उसके पिता को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। मां की भूमिका को लेकर जांच की जा रही है।
श्रीकांत/दीपक
