फिरोजाबाद (हि.स.)। टूण्डला थाना की पुलिस ने एसओजी के सहयोग से मंगलवार को छात्रा से दुष्कर्म और हत्या के आरोप में उसके प्रेमी सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आपत्तिजनक फोटो दिखाकर दुष्कर्म करने का विरोध करने पर प्रेमी के दोस्तों ने छात्रा की हत्या की थी।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर सर्वेश कुमार मिश्रा ने बताया कि 19 जून को ग्राम सलेमपुर नगला खार स्थित चरी के खेत में एक लड़की (16) का शव मिला था। वह हाईस्कूल की छात्रा थी जो नौ जून को घर से लापता हो गई थी। शव की शिनाख्त और परिजनों की तहरीर पर दुष्कर्म एवं हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
एसओजी और थाना टूण्डला प्रभारी प्रदीप कुमार के नेतृत्व में लगी टीम ने मंगलवार को मक्खनपुर बाईपास से तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। इनके नाम सिकेरा के रहने वाले पवन कुमार, सौरव यादव और ढकपुरा निवासी राहुल कुमार हैं।
पूछताछ में पता चला है कि पवन का प्रेमसंबंध हाईस्कूल की छात्रा से थे। पवन ने तीन जून को उससे शारीरिक संबंध बनाने के दौरान उसकी आपत्तिजनक फोटो खींच ली थी। यह फोटो पवन ने अपने दोस्त सौरव को दिखाई। इसके बाद सौरव ने वही फोटो दिखाकर छात्रा को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। घटना वाले दिन वो छात्रा से मिलने के लिए चरी के खेत में पहुंचा। पीछे से राहुल भी आ गया और दोनों ने मिलकर लड़की से संबंध बनाने के लिए जबरदस्ती करना शुरु कर दिया। छात्रा ने इसका विरोध करते हुए पुलिस में शिकायत करने की बात कही। इस पर दोनों ने दुपट्टे से लड़की का गला कस कर हत्या कर दी और शव को मौके पर छोड़कर भाग गये। पुलिस ने प्रेमी सहित तीनों आरोपितों को खिलाफ कार्रवाई कर जेल भेज दिया।
कौशल/दीपक/मोहित
