मेरठ(हि.स.)। लंबे राजनीतिक वनवास के बाद भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीकांत बाजपेयी राज्यसभा के सदस्य बने हैं। सांसद बनने के बाद पहली बार मेरठ आ रहे लक्ष्मीकांत बाजपेयी के स्वागत के लिए गुरुवार को उनके मोहनपुरी मोहल्ले और आवास को सजाया गया है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रहे डॉ. लक्ष्मीकांत बाजपेयी लंबे समय से पार्टी में हाशिये पर चल रहे थे। अब जाकर भाजपा ने उनकी सुधि ली और उन्हें राज्यसभा सांसद बनाया है। निर्विरोध राज्यसभा सदस्य बनने वाले डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी गुरुवार को मेरठ आ रहे हैं। उनके जोरदार स्वागत के लिए भाजपा संगठन ने पूरी व्यवस्था की है। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर काशी टोल प्लाजा पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनके जोरदार स्वागत की तैयारी की है। इसके बाद उनका काफिला परतापुर बाइपास से बागपत रोड स्थित भाजपा क्षेत्रीय कार्यालय पहुंचेगा। वहां पर स्वागत के बाद बागपत रोड से फुटबाल चौक, घंटाघर होते हुए ईव्ज चौराहा, शंकर आश्रम होते हुए मोहनपुरी पहुंचेगा। इस दौरान डॉ. लक्ष्मीकांत बाजपेयी के स्वागत में वाहनों का काफिला रहेगा। भीषण गर्मी के बाद भी मोहनपुरी स्थित उनके आवास और मोहल्ले को अच्छी तरह से सजाया गया है। नगर निगम की गाड़ियां लगातार पानी का छिड़काव कर रही हैं।
मेरठ अब भाजपा का पावर हाउस बन गया है। मेरठ से इस समय तीन राज्यसभा सांसद, एक लोकसभा सांसद, तीन एमएलसी, चार विधायकों की भारी भरकम टीम मौजूद है।
कुलदीप
