-जनता को विकास दिखायी दे रहा है, अखिलेश को नहीं
प्रयागराज (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार के प्रवक्ता एवं कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा प्रियंका वाड्रा आपको बताना चाहता हूं कि ये दुर्योधन युग नहीं चल रहा है, ये मोदी-योगी युग चल रहा है। इसमें द्रोपदी चीरहरण नहीं होंगे, क्योंकि जो कृष्ण का सुदर्शन चक्र है वह योगी जी ने संभाल रखा है। और कोई भी दुर्योधन बनेगा उसका हश्र वही होगा जो महाभारत में हुआ था।
उक्त बातें गुरूवार को प्रयागराज प्रवास के दौरान ‘सुनो द्रोपदी शस्त्र उठा लो, अब गोविंद ना आएंगे’ प्रियंका वाड्रा के बयान को प्रश्न उठाते हुए मीडिया के पूछे जाने पर कही। एक अन्य सवाल पर मंत्री ने कहा अखिलेश जी सूरज को हथेली से नहीं ढका जा सकता है। विकास तो हुआ है, दिखेगा ही। आपको भले न दिखे पर जनता को दिख रहा है। पहली बार प्रदेश का समग्र विकास देखकर जनता खुश भी है।
कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकारें अतीक अहमद और मुख्तार अंसारी जैसों का विकास करती रही हैं। अपने परिवार के विकास का रास्ता बनाती हैं। आज जब योगी सरकार सबसे गरीब आदमी के चेहरे पर संतोष की मुस्कान ला रही है तो अखिलेश यादव को यह नहीं सुहा रहा।
सिद्धार्थ नाथ ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जिस काम का शिलान्यास करती है, उसका उद्घाटन भी करती है। यह हो रहा है। यूपी के लोग देख भी रहे हैं। यही अखिलेश यादव की चिंता की असली वजह भी है। इसी के चलते सपा सुप्रीमो आये दिन अनर्गल प्रलाप करते रहते हैं।
सपा सरकारों को जनविरोधी बताते हुए सरकार के प्रवक्ता ने सवालिया अंदाज में कहा कि सपा को वर्ष 1989, 1993, 2002 और 2012 में प्रदेश की सेवा का मौका मिला। लेकिन अखिलेश यादव को बताना चाहिए कि उन्होंने प्रदेश को अराजकता, भ्रष्टाचार और माफियाराज के अलावा और क्या दिया?
