दीपावली: हर तरफ फैलाता सद्भाव का उजाला

आर.के. सिन्हा

दीपोत्सव मूलत: और अंतत: हिन्दू पर्व होते हुए अपने आप में व्यापक अर्थ लिए हुए है। यह अंधकार से प्रकाश की तरफ लेकर जाने वाला अनोखा त्योहार है। अंधकार व्यापक है, रोशनी की अपेक्षा। क्योंकि, अंधेरा अधिक काल। दिन के पीछे भी अंधेरा है रात का। दिन के आगे भी अंधेरा है रात का। दिवाली को ईसाई, मुसलमान और यहूदी भी अपने-अपने तरीके से मनाएंगे। सिख, बुद्ध और जैन धर्मावलंबियों के लिए तो इस दिन का खास महत्व है ही। राजधानी दिल्ली के बिशप हाउस पर दिवाली पर आलोक सज्जा की जाएगी। दीए भी जलाए जाएंगे। यही है भारत की विशेषता। क्या है बिशप हाउस? ये नई दिल्ली के जयसिंह रोड पर स्थित देश के प्रोटेस्टेंट ईसाई समाज के प्रमुख बिशप का मुख्यालय है।

इस पर्व को सिर्फ हिंदू धर्म से जोड़ना भी अनुचित होगा। भारत के लाखों मुसलमान भी दिवाली को मनाते हैं। वे दिवाली पर अपने घरों- दफ्तरों की सफाई करने के अलावा चिराग जलाते हैं। राजधानी के इमाम हाउस में भी चिराग जलाने की परंपरा है। इंडिया गेट से सटी इस मस्जिद के इमाम मौलाना उमेर इलियासी मानते हैं कि भारत में रहने वाला कौन इंसान होगा जो दिवाली न मनाता होगा। इसी तरह मुंबई की हाजी अली दरगाह और दिल्ली के निजामउद्दीन औलिया की दरगाहों को भी दिवाली पर सजाया जाता है। मलेशिया और इंडोनेशिया जैसे इस्लामिक देशों में दीपावली पर सार्वजनिक अवकाश भी होता है।

भारत में तो दीपोत्सव देशभर के ईसाई भी मनाते हैं। दीपोत्सव पर राजधानी के ब्रदर्स हाउस में रहने वाले अविवाहित पादरी भी दीये जलाएंगे। इनका कहना है कि दिवाली और क्रिसमस जैसे पर्व अब धर्म की दीवारों को लांघ चुके हैं। इन्हें सब मनाते हैं। दिवाली तो अंधकार पर प्रकाश की विजय दर्शाता है। दरअसल भारत में ब्रदरहुड ऑफ दि एसेंनडेंड क्राइस्ट की स्थापना सन 1877 में हुई थी। इस संस्था का संबंध कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी से है। इन्होंने ही राजधानी में सेंट स्टीफंस कॉलेज और सेंट स्टीफंस अस्पताल की स्थापना की। इन्होंने शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में ठोस कार्य किया है। चूंकि ये सब पादरी ब्रदरहुड ऑफ दि एसेंनडेंड क्राइस्ट से संबंध रखते हैं, इसलिये इन्हें ब्रदर भी कहा जाता है। यहां पर रहने वाले पादरी मानते हैं कि रोशनी के इस पर्व को खुशियों का पर्व भी कहा सकता है। दीपावली के आने से पहले ही सारे माहौल में प्रसन्नता छा जाती है।

भारतीय संस्कृति में सनातन धर्म की मान्यताओं के अनुसार दीपावली का पर्व हमें अंधकार से प्रकाश की ओर जाने की प्रेरणा देता है। भारतवर्ष में हजारों वर्षों से दीप प्रज्ज्वलित कर अंधकार को मिटाकर प्रकाशमान वातावरण का निर्माण किया जाता रहा है। दीपावली पर्व के दौरान धन की अनावश्यक बर्बादी को रोक कर उस राशि का प्रयोजन पुरुषार्थ और परमार्थ के सद्प्रयोजनों में कर आने वाली पीढ़ी को हम यज्ञमय जीवन की सौगात दे सकते हैं। दीपावली पर स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग करने व वायु मंडल को प्रदूषण से बचाने का भी संकल्प लेना। गरीबों और जरूरतमंदों की सेवा करके दीपावली की रौशनी उनके घरों में भी पहुंचा सकते हैं।

यूं तो यहूदी धर्म को इजराइल के साथ जोड़ कर देखा जाता है। पर मुंबई, केरल, दिल्ली वगैरह में बसे हुए यहूदी जमकर दिवाली मनाते हैं। राजधानी का एकमात्र जूदेह हयम सिनगॉग खान मार्केट के पास है। यहां दिवाली से एक दिन पहले से दीये जलाने की व्यवस्था हो जाती है। यह सारे उत्तर भारत में यहूदियां की एकमात्र सिनगॉग है। इसके रेब्बी एजिकिल आइजेक मालेकर की देखरेख में दिवाली से पहले सिनगॉग के बाहर दीये जलाए जाते हैं। दिवाली पर जब अंधेरा घना होने लगेगा तो वे दीये जलाकर प्रकाश करेंगे। भारत के यहूदी कहते हैं कि वे भारत में रहकर आलोक पर्व से कैसे दूर जा सकते हैं। हम यहूदी हैं, पर हैं तो इसी भारत के।

त्रिनिडाड-टोबैगो की तरह,गयाना, मारीशस, फीजी, सूरीनाम एँबेसियों में काम करने वाले भारतवंशी राजनयिक भी दिवाली बड़े प्रेम से मनाते हैं। इनका संबंध हिंदू, ईसाई और इस्लाम सभी धर्मों से होता है। इन सब देशों में भारतीय परंपराएं और संस्कार बचे हुए हैं। इनके पूर्वज सौ साल से भी पहले सात समंदर पार चले गए थे। कहने का भाव ये है कि दिवाली को मात्र हिंदू धर्म का ही पर्व नहीं माना जा सकता है। इसे सभी प्रेम और सद्भाव से मनाते हैं।

(लेखक, वरिष्ठ संपादक, स्तंभकार और पूर्व सांसद हैं।)

error: Content is protected !!