Wednesday, April 1, 2026
Homeउत्तर प्रदेशदीनदयाल उपाध्याय के सपनों को साकार कर रही सरकार : योगी

दीनदयाल उपाध्याय के सपनों को साकार कर रही सरकार : योगी

लखनऊ (हि.स.)। भारतीय जनसंघ के संस्थापक सदस्य, अंत्योदय एवं एकात्म मानववाद दर्शन के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 55वीं पुण्यतिथि पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। पंडित उपाध्याय के आदर्शों को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति का कल्याण व विकास पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी का सपना था। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली बीजेपी की डबल इंजन सरकार उनके सपनों को पूरा कर रही है।

राजधानी लखनऊ के पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृतिका पार्क में स्थित प्रतिमा पर शनिवार को श्रद्धा सुमन अर्पित करने के बाद यहां आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि आजाद भारत में समाज के अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति के कल्याण की बात करने वाली आवाज आज से 55 साल पहले साजिश का शिकार हुई। पंडित दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय की बात करने वाले ज्योतिपुंज थे। उन्होंने समाज के अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति के कल्याण को राजनीतिक चिंतन का एजेंडा बनाया था। उनके इस चिंतन का आज असर दिखता है। आज एकात्म मानववाद की ताकत दुनिया देख रही है।

योगी ने कहा कि डबल इंजन की सरकार आज जो कार्य कर रही है यही सपना पंडित दीनदयाल उपाध्याय का था। अपने कालखंड में उन्होंने घोषणा की थी कि जब हम सत्ता में आएंगे तो एकात्म मानववाद और अंत्योदय वास्तविक रूप में दिखेगा। यह एक राजनीतिक ऋषि का चिंतन था जिसे भाजपा सरकार ने साकार किया है। पंडित उपाध्याय की प्रेरणा तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश सरकार भी राज्य में अनेक लोक कल्याणकारी कार्यक्रम चला रही है। जन कल्याण के लिए प्रतिबद्धता व ईमानदारी से कार्य कर रही है। आज उत्तर प्रदेश में नौकरियां बिना भेदभाव, सिर्फ योग्यता के आधार पर दी जा रही हैं।

देश व देश की जनता ही सब कुछ

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय जैसे महापुरुषों की प्रेरणा और चिंतन से कोरोना महामारी के दौरान भाजपा ने ”सेवा ही संगठन” का मंत्र दिया। इस मंत्र के पीछे की मंशा यह है कि हमारे लिए देश और देश की जनता ही सब कुछ है। व्यक्तिगत कुछ भी नहीं। इस चिंतन ने देश के नागरिकों में राजनीतिक विश्वास भरने का काम किया। इस तरह की चिंतन धारा न होने से अन्य राजनीतिक दल समाज के अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति के कल्याण के बारे में सोच भी नहीं पाते।

इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर, एमएलसी मुकेश शर्मा, पूर्व मंत्री आशुतोष टंडन, विधायक राजेश्वर सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि व भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बृजनन्दन

RELATED ARTICLES

Most Popular