कानपुर(हि.स.)। स्व. डा. एसएन मेहरोत्रा मेमोरियल ईएनटी फाउंडेशन व दिव्यांग सशक्तिकरण विभाग के सहयोग से मेहरोत्रा ईएनटी अस्पताल में एक कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इस कार्यक्रम में उन दिव्यांग बच्चों को सम्मानित किया गया, जिनको यूपी की योगी आदित्यनाथ सरकार की पहल पर आपरेट करके मुख्य धारा में जोड़ा गया है। ये बच्चे पहले कभी सुन नहीं सकते थे, लेकिन अब सामान्य बच्चों की तरह जिंदगी जी सकेंगे। आज हुए इस कार्यक्रम में कानपुर मंडल के सशक्तिकरण अधिकारी अखिलेश बाजपेई, वरिष्ठ बाबू प्रशांत कुमार, मेहरोत्रा ईएनटी अस्पताल के सचिव एवं प्रो. डा. रोहित मेहरोत्रा मौजूद रहे।
अब तक कुल 750 बच्चों का निशुल्क सफल आपरेशन
डा. रोहित ने बताया अबकी बार सरकार के माध्यम से कानपुर नगर से 18 बच्चों का सफलतापूर्वक आपरेशन करके सामान्य श्रेणी के बच्चों की मुख्यधारा में जोड़ा गया है। उन्होंने बताया कि संस्था ने भारत सरकार व यूपी सरकार और आरबीएसके के माध्यम से अबतक संस्था ने यूपी के अलग-अलग जिलों के करीब 750 से ज्यादा मूक बधिर बच्चों की निशुल्क काक्लियर इंप्लांट सर्जरी की है।
उज्ज्वल भविष्य के लिए आशा की नई किरण दी
डा. रोहित मेहरोत्रा ने बताया कि ये सभी आपरेशन सफल रहे हैं और इन बच्चों को सामान्य मुख्य धारा से जोड़ा जा चुका है। इस तरह संस्था ने सरकार के सहयोग से इन बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए आशा की नई किरण प्रदान की है। अब ये बच्चे भी सामान्य बच्चों की तरह सरल और सुखद जीवन जी सकेंगे। डा. मेहरोत्रा का कहना है कि स्व. डा. एसएन मेहरोत्रा मेमोरियल ईएनटी फाउंडेशन संस्था का लक्ष्य 2030 तक उत्तर प्रदेश को मूक-बधिर मुक्त बनाना है।
