हरदोई। स्पोर्ट्स स्टेडियम में दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग ने सोमवार को कृत्रिम अंग/सहायक उपकरण योजना के अंतर्गत दिव्यांगजनों को उपकरणों का वितरण किया गया।
इस अवसर पर अध्यक्ष नगर पालिका परिषद सुखसागर मिश्र ने ट्राइसाइकिल वितरण करते हुए कहा कि सरकार दिव्यांगजनों के जीवन को सरल व सुगम बनाने के लिए कृत संकल्प है। दिव्यांग बन्धु स्वयं को दूसरे लोगों से कम न आंकें। सरकार ने दिव्यांग जनों के लिए बहुत सी योजनाएं चलाई हैं, जिनका लाभ उठाएं। कार्यक्रम में सदर तहसील के कुल 160 दिव्यांगजनों को उपकरण वितरित कर लाभान्वित किया गया। इसमें से 152 ट्राई साइकिल, चार हियरिंग ऐड व चार स्मार्ट केन थे। इस दौरान दिव्यांग जनों के चेहरे पर खुशी दिखी। उन्होंने उपकरण वितरण के लिए शासन व प्रशासन को आभार जताया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी आकांक्षा राना, जिला विकास अधिकारी ए. पी. सिंह, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी प्रणव पाठक एवं जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी ऋचा गुप्ता आदि उपस्थित रहे।
