कानपुर देहात (हि.स.)। जनपद के झींझक स्टेशन के पास अप लाइन पर नई दिल्ली हावड़ा रेल रूट पर पटना से अहमदाबाद जा रही अजीमाबाद एक्सप्रेस अचानक इंजन में खराबी आने से झटका देकर खड़ी हो गई। इस बीच ट्रेन में सवार यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। लगभग एक घण्टे बाद ट्रेन में दूसरा इंजन जोड़कर रवाना किया गया।
झींझक का रेलवे स्टेशन लगातार सुर्खियों में बना रहता है। कभी अपने तरक्की को लेकर तो कभी बेहतर व्यवस्था को लेकर। वहीं, आज इसी स्टेशन के पास पटना से अहमदाबाद जा रही अप की अजीमाबाद एक्सप्रेस में दिल्ली-हावड़ा रेल रूट पर अंबियापुर स्टेशन के बाद अचानक इंजन में खराब हो गया। ट्रेन में अचानक झटका लगने पर चालक ने झींझक स्टेशन की मेन लाइन पर ट्रेन को रोक दिया। चालक दल ने पहले इंजन की खराबी दूर करने का काफी प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। करीब आधे घंटे तक मशक्कत करने के बावजूद इंजन की खराबी दूर नहीं हुई। बाद में स्टेशन मास्टर ने कंट्रोल में बात करके लूप लाइन पर खड़ी डाउन की ईएसई मालगाड़ी का इंजन अलग करके अप अजीमाबाद एक्सप्रेस में जोड़ा। इसके बाद करीब 10:55 बजे ट्रेन को रवाना कराया जा सका। करीब पचास मिनट तक ट्रेन खड़ी रहने से सवार यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
झींझक स्टेशन अधीक्षक विशाल सिंह ने बताया कि अप की अजीमाबाद एक्सप्रेस इंजन में खराबी आने के कारण 50 मिनट खड़ी रही थी। मालगाड़ी का इंजन जोड़कर उसे रवाना कर दिया गया था। सवारियों को परेशानी को देखने के चलते ही जल्द से जल्द इंजन का इंतजाम करके ट्रेन को रवाना किया गया है।
