गाजियाबाद (हि.स.)। दिल्ली की युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने वाले एक शातिर अपराधी को स्वाट टीम ग्रामीण एवं थाना ट्रोनिका सिटी पुलिस ने रविवार को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। पुलिस की गोली से बदमाश घायल हुआ, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस उपायुक्त (ग्रामीण ) विवेक यादव ने बताया कि घायल बदमाश का नाम जुनैद है। वह खानपुर का निवासी है। अभियुक्त जुनैद ने पूछताछ में बताया कि 30 नवम्बर की शाम को खानपुर के जंगलों में दो लड़कियां व एक लड़का खड़े थे जिनको देखकर उसने अपने अन्य साथियों को बुलाया। इसके बाद इन लोगों ने उन दो लड़कियों में से एक लड़की को झाड़ियों में ले जाकर बारी-बारी से दुष्कर्म किया। जुनैद के साथियों ने दूसरी लड़की को भी झाड़ी में ले जाने की कोशिश की तब तक एक गाड़ी आ गई थी। इस पर अपराधी उनको छोड़कर भाग गए थे। पुलिस गिरफ्तार अभियुक्त के आपराधिक इतिहास की जानकारी कर रही है।
फरमान/दीपक/दिलीप
